लुधियाना में बने चॉकलेटी गणेश जी खूब हो रहे हिट, जानें इसकी खासियत

लुधियाना। हर साल की तरह इस बार भी शहर में गणोश उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। हर भक्त बुद्धि, ज्ञान और विघ्नविनाशक के रूप में पूजे जाने वाले गणपति बप्पा की पूजा व आराधना अपने अपने अंदाज में कर रहे हैं। उनमें से सराभा नगर स्थित बैलेफ्रांस बेकरी के प्रमुख हरजिंदर सिंह कुकरेजा एक हैं।

हरजिंदर ने चॉकलेट से भगवान गणेश की प्रतिमा बनाई है, जिसकी हाइट चार फीट है। चॉकलेट से बने गणेश जी को काफी सुंदरता से बनाया और सजाया गया है। हरजिंदर ने बताया कि शुद्ध बेल्जियम चॉकलेट से 65 किलोग्राम वजनी गणपति तैयार किए गए हैं। यह गणेश जी आजकल सोशल मीडिया पर खूब हिट हो रहे हैं।

गणपति जी को थिक चॉकलेट से तैयार किया गया है, जिससे कि वह मैल्ट न हो। हरजिंदर सिंह कुकरेजा ने बताया कि गणपति महोत्सव को लेकर उनके बीस शेफ की टीम पिछले दस दिनों से इस चॉकलेटी गणपति को बनाने में जुटी हुई थी। चॉकलेटी गणपति को बेहतर ढंग से रखा जा सके, इसके लिए बकायदा टेंपरेचर भी मेनटेन रखा जा रहा है।

बाद में, गणपति जी की पूजा के बाद तीस किलो दूध में विसर्जित किया जाएगा और इससे चॉको मिल्क में तैयार करके गरीब बच्चों में बांटा जाएगा।

ये है खासियत

  • बेल्जियम चॉकलेट से तैयार किए गए गणपति
  • 4 फीट की है भगवान गणेश जी की प्रतिमा
  • 65 किलोग्राम है प्रतिमा का वजन
  • 20 शेफ की टीम ने 10 दिन में बनाया
  • 30 किलो दूध में किया जाएगा विसर्जित
  • चॉको मिल्क गरीब बच्चों को दिया जाएगा प्रसाद के रूप में
Back to top button