सूर्यकांत धस्माना ने कहा- राफेल डील मामले में केंद्र सरकार तथ्यों को छिपा रही

कोटद्वार: कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि राफेल डील मामले में केंद्र सरकार तथ्यों को छिपा रही है। कहा कि मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चुप्पी साधे रखना सत्तारूढ़ दल के झूठ को सामने ला रहा है। कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस मामले को संसद में उठाया था। कहा कि यदि राफेल डील की सच्चाई सामने आती है तो यह देश का सबसे बड़ा घोटाला होगा।

रविवार को बद्रीनाथ मार्ग स्थित एक होटल में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार 126 विमानों के लिए 54,000 हजार करोड़ रुपये दे रही थी, जबकि वर्तमान सरकार सिर्फ 36 विमानों के लिए 60145 करोड़ दे रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस सौदे के माध्यम से केंद्र सरकार निजी कंपनी को लाभ पहुंचाने का प्रयास कर रही है। कहा कि इस घोटाले से देश को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा। कहा कि कांग्रेस पार्टी 17 अगस्त को पूरे प्रदेश में राफेल घोटाले के विरोध में प्रदर्शन करेगी। कहा कि प्रधानमंत्री को राफेल घोटाले में अपनी चुप्पी तोड़ते हुए जनता को जवाब देना चाहिए। इस मौके पर पूर्व विधायक शैलेंद्र सिंह रावत, जिलाध्यक्ष चंद्रमोहन खर्कवाल, महिला जिलाध्यक्ष रंजना रावत, नगर अध्यक्ष संजय मित्तल, सरोजनी कैंतुरा आदि मौजूद रहे।

Back to top button