कार ड्राइवर ने किया महिला से दुष्कर्म

रोहतक। कार ड्राइवर ने रेवाड़ी की एक महिला के साथ शहर के एक होटल में दुष्कर्म किया। महिला ने जब 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी तो पुलिस ने कार्रवाई की बजाय दोनों पक्षों में यह कहते हुए समझौतानामा लिखवा दिया कि इससे महिला की बदनामी होगी। इसके बाद एक महिला एएसआइ ने पीड़िता को बस में बैठाकर वापस रेवाड़ी भेज दिया गया।कार ड्राइवर ने किया महिला से दुष्कर्म

महिला के मुताबिक वह रेवाड़ी के एक गांव की रहने वाली है। वह किराये की कार लेकर रोहतक के एक गांव में अपनी सहेली के पास आई हुई थी। वीरवार दोपहर बाद जब वह वापस लौट रही थी तो कार चालक ने बताया कि उसे सेक्टर-2 में कुछ काम है, इसलिए कुछ देर वहां पर रुकना है।

इसी दौरान चालक सेक्टर-2 के होटल में पहुंचा और महिला को किसी बहाने से कमरे में ले गया। कमरे में पहले से ही उसके तीन साथी मौजूद थे। वहां पर महिला के साथ चालक ने दुष्कर्म किया। मौका मिलते ही पीड़िता ने 100 नंबर पर पुलिस को फोन कर दिया। सूचना फ्लैश होने के बाद अर्बन एस्टेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस ने महिला का मेडिकल कराना भी उचित नहीं समझा। सूत्रों की मानें तो पुलिस ने दूसरे पक्ष के साथ मिलकर महिला से समझौतानामा लिखवा दिया। पीड़िता को तर्क दिया कि इस तरह की शिकायत से उसकी बदनामी होगी।

अर्बन एस्टेट के थाना प्रभारी प्रवीण कुमार का कहना है कि सेक्टर-2 के होटल में झगड़े की सूचना मिली थी, जिस पर पुलिस मौके पर गई थी। महिला ने खुद ही लिखकर दिया है कि उसे किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करनी। इसके बाद वह वापस रेवाड़ी चली गई।

पति से मिलने के बहाने घर में घुसा युवक, महिला से किया दुष्कर्म, गिरफ्तार

उधर, भिवानी की एक कालोनी में रहने वाली चार बच्चों की मां के साथ एक युवक ने नशीला पदार्थ खिलाकर रातभर दुष्कर्म किया। महिला थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पीडि़त महिला ने बताया कि बृहस्पतिवार रात को उसका पति नाइट ड्यूटी पर गया हुआ था। बच्चे साथ वाले कमरे में सोए हुए थे। रात करीब साढ़े नौ बजे भारत नगर निवासी भानू प्रताप उसके पति से मिलने के बहाने घर पर आया।

आरोप है कि भानू प्रताप ने उसे नशीला पदार्थ खिला दिया और रात भर उसके साथ गलत काम किया। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपित ने उसके साथ मारपीट भी की। पीड़िता की शिकायत पर महिला पुलिस सामान्य अस्पताल में मेडिकल जांच करवाई, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई। शुक्रवार को आरोपित को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। महिला थाने की जांच अधिकारी धर्मली देवी का कहना है कि पीड़िता की मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। केस दर्ज कर आरोपित भारत नगर निवासी भानू प्रताप को गिरफ्तार कर लिया है। उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Back to top button