कैप्टन अमरिंदर ने कर्नाटक के राज्यपाल की भूमिका पर उठाए सवाल
चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कर्नाटक में राज्यपाल द्वारा भाजपा को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने पर सवाल उठाए हैं। कैप्टन ने कहा कि यह कदम संविधान के खिलाफ है। ऐसा लगता है हि राज्यपाल ने कर्नाटक में भाजपा की सरकार बनाने का कदम केंद्र सरकार के इशारे पर उठाया है।
यहां पत्रकारों से बातचीत में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि कर्नाटक के राज्यपाल संविधान के खिलाफ जाकर बिना बहुमत वाली भाजपा की सरकार बनवाई है। राज्यपाल की भूमिका में केंद्र सरकार का इशारा साफ दिख रहा है। राज्यपाल की भूमिका केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित की जा रही है।
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला आरएसएस के सदस्य रहे हैं और गुजरात में मोदी साहब के अधीन कैबिनेट मंत्री थे। ऐसे में यह स्पष्ट है कि वह केंद्र सरकार की सुनेंगे। कैप्टन का कहना है कि आज पाकिस्तान और भारत क्या अंतर रह गया है, क्योंकि पाकिस्तान में ही ऐसा होता है।
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि कर्नाटक में जो भी हुआ सभी कुछ असंवैधानिक है। राज्यपाल ने नए मुख्यमंत्री को बहुमत साबित करने को दो सप्ताह का समय देना भी गलत है। कैप्टन ने सुप्रीम कोर्ट पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट संविधान की संरक्षक है। कोर्ट जरूर न्याय करेगा और कर्नाटक में कांग्रेस व जेडीएस की सरकार बनेगी।