थराली की जंग में होगी भाजपा की असली परीक्षा

देहरादून: विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल करने वाली भाजपा अब थराली उपचुनाव के जरिए पहली मर्तबा जनता के बीच जा रही है। सत्ता संभालने के बाद जनता जनार्दन की अदालत में उसकी यह पहली परीक्षा है। यही नहीं, उपचुनाव को प्रदेश सरकार के एक साल के कामकाज की कसौटी के तौर पर भी देखा जा रहा है। ऐसे में सीट को बरकरार रखने की उसकी सामने बड़ी चुनौती है। 

भाजपा यदि इस सीट को अपने पास बरकरार रखने में सफल रही तो यह आगामी निकाय चुनाव में उसके लिए बूस्टर डोज का काम भी करेगी। इस सबको देखते हुए वह कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहती। भाजपा विधायक मगनलाल शाह के निधन के कारण रिक्त हुई थराली सीट का उपचुनाव भाजपा संगठन और सरकार दोनों के लिए परीक्षा से कम नहीं है। विस चुनाव में भाजपा को जिस प्रकार राज्य में प्रचंड जनादेश हासिल हुआ, यह उपचुनाव उस कसौटी पर खरा उतरने के लिहाज से भी कड़ा इम्तिहान है। 

हालांकि, सहानुभूति के मद्देनजर पार्टी ने यहां पूर्व विधायक मगनलाल शाह की पत्नी मुन्नी देवी को प्रत्याशी बनाया है। लेकिन, ऐन चुनाव से पहले पहले पार्टी के प्रदेश मंत्री बलवीर घुन्याल के इस्तीफे और फिर हाल में पार्टी में शामिल हुए गुड्डू लाल शाह के बागी तेवरों ने मुश्किलें भी खड़ी की। हालात से निबटने को पार्टी जुटी हुई है। पार्टी की एकजुटता के मद्देनजर नजर ही भाजपा प्रत्याशी के नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री से लेकर पार्टी के प्रांतीय पदाधिकारियों की मौजूदगी रखी गई है। यही नहीं, पार्टी ने बूथ स्तर पर भी कार्यकर्ताओं की तैनाती की हुई है, ताकि कहीं कोई कमी बेशी न रहे। 

गुड्डू लाल शाह को मनाया 

भाजपा अपने दोनों बागी नेताओं को मनाने में सफल रही। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. देवेंद्र भसीन ने कहा कि  भाजपा प्रदेश मंत्री बलबीर घुनियाल व जिला पंचायत सदस्य गुड्डु लाल शाह थराली विधान सभा उप चुनाव में भाजपा उम्मीदवार मुन्नी देवी के समर्थन में प्रचार करेंगे। हाल ही में मीडिया में इन दोनो नेताओं के संबंध चल रही चर्चाओं को विराम देते हुए प्रदेश मीडिया प्रभारी ने बताया कि ये दोनों नेता पार्टी में हैं।

Back to top button