BJP की मेरठ बैठक में होगा लोकसभा चुनाव की तैयारी पर मंथन

लखनऊ। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 11-12 अगस्त को मेरठ होगी। दो दिवसीय बैठक के समापन सत्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी मौजूद रहेंगे। बुधवार को यह फैसला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्रनाथ पांडेय व महामंत्री संगठन सुनील बंसल की मौजूदगी में प्रमुख नेताओं की बैठक में लिया गया। BJP की मेरठ बैठक में होगा लोकसभा चुनाव की तैयारी पर मंथन

भाजपा मुख्यालय में यह जानकारी देते हुए प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्र नाथ पांडेय ने बताया कि मेरठ बैठक में लोकसभा चुनाव के रोडमैप पर चर्चा के साथ संगठनात्मक गतिविधियों व कार्यक्रमों पर चर्चा होगी। केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं को आमजनता के पहुंचाने की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

उधर लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा का मेरठ में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित करने को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संत कबीर नगर, आजमगढ़, वाराणसी और मीरजापुर की रैली, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की आगरा व मीरजापुर में लोकसभा संचालन समिति की बैठक के बाद भाजपा ने अब पश्चिम उप्र की ओर रूख किया है। इसी कड़ी में 21 जुलाई को शाहजहांपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसान कल्याण रैली को संबोधित करेंगे।

14 खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में भारी बढ़ोत्तरी के अलावा गन्ने की एफआरपी में 20 रुपये की वृद्धि कर सरकार किसानों को लुभाने में लगी है। शाहजहांपुर रैली कामयाब बनाने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। किसान रैली के बाद मेरठ में कार्यसमिति बैठक कर भाजपा नेतृत्व वर्ष 2014 का प्रदर्शन दोहराने की आस लगाए है।बुधवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित बैठक में सभी छह क्षेत्रों मेें बूथ स्तर तक संगठनात्मक योजनाओं एवं कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से नीचे तक पहुंचाने पर भी चर्चा की गयी। 

बैठक में केंद्रीय मंत्री डा.महेश शर्मा, साध्वी निरंजन ज्योति, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डा.दिनेश शर्मा, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. रमापति राम त्रिपाठी, डा. लक्ष्मीकांत बाजपेयी, प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर, महामंत्री विद्यासागर सोनकर, विजय बहादुर पाठक, पंकज सिंह, अशोक कटारिया, विजयपाल सिंह तोमर व सलिल विश्नोई, सभी क्षेत्रों के अध्यक्ष और संगठन मंत्रियों के अलावा राज्य सरकार के मंत्री सूर्य प्रताप शाही,सुरेश खन्ना, सतीश महाना, सिद्धार्थ नाथ सिंह, श्रीकांत शर्मा,  एसपी सिंह बघेल, ब्रजेश पाठक, सुरेश राणा, अनुपमा जायसवाल, दारा सिंह चौहान, डा. महेंद्र सिंह, स्वतंत्र देव सिंह, भूपेंद्र सिंह चौधरी, किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विरेंद्र सिंह मस्त और अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद सोनकर भी मौजूद थे। 

Back to top button