BJP ने हुड्डा और चौटाला का गढ़ भेदने के साथ ही लोगों के दिलों में उतर गई, 58 फीसद मत हासिल जीता भरोसा

 Loksabha election 2019 हरियाणा में भाजपा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और ओमप्रकाश चौटाला का गढ़ भेदने के साथ ही लोगों के दिलों में उतर गई। लोगों ने कांग्रेस, इनेलो और जजपा-आप गठबंधन को नकारते हुए भाजपा के प्रति पूरा भरोसा जताया है। पिछले लोकसभा चुनाव की अपेक्षा इस बार उसके वोट बैैंक में 23 फीसद की भारी बढ़ोतरी हुई है। कांग्रेस सभी सीटों पर हार गई। उसके वोट बैैंक में कोई खास बढ़ोतरी नहीं हो सकी।

रोहतक, हिसार और सिरसा तीन लोकसभा सीटें ऐसी हैं, जहां भाजपा कभी कमल नहीं खिला सकी थी। इन सीटों पर हमेशा हुड्डा, चौटाला और भजनलाल का कब्जा रहा है। यह पहला मौका है, जब भाजपा ने इन तीनों दिग्गजों के गढ़ में दमदार एंट्री की है। रोहतक, सिरसा और हिसार लोकसभा सीटें 2014 से ही भाजपा के एजेंडे पर थी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह जब भी हरियाणा आए, उन्होंने तीनों सीटें जीतने की रणनीति पर फोकस रखा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी इन तीनों संसदीय क्षेत्रों में अपने कार्यक्रमों तथा विकास की परियोजनाओं को अहमियत दी। इसी का नतीजा रहा कि भाजपा अब 2019 के चुनाव में 58 फीसद मत प्रतिशत हासिल करने में कामयाब रही है, जबकि बाकी 42 फीसद में सारे दल सिमट गए।

वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा व हजकां का गठबंधन था। भाजपा ने सात सीटें जीती थी और उसका मत प्रतिशत 35 था, जबकि हजकां अपने हिस्से की तीनों सीटें हार गई थी और उसका मत प्रतिशत 6 था। इस बार भाजपा ने 10 सीटें जीतने के साथ ही 58 फीसद मत हासिल किए हैैं। पिछले चुनाव में कांग्रेस ने एकमात्र रोहतक की सीट जीतते हुए 22 फीसद वोट हासिल किए थे, लेकिन इस बार एक भी सीट नहीं जीती, मगर मत प्रतिशत 28 हो गया है। यह स्थिति तब बनी, जब पिछले चुनाव में छह फीसद मत हासिल करने वाली हजकां का इस बार कांग्रेस में विलय हो चुका है।

हरियाणा में 2014 के चुनाव में इनेलो ने हिसार व सिरसा दो सीटें जीती थीं और उसका मत प्रतिशत 24 था। इस बार इनेलो मात्र दो प्रतिशत वोटों पर खिसक गई है। जननायक जनता पार्टी का प्रदर्शन भी बेहद निराशानजक रहा। पिछले चुनाव में अन्य दलों ने सात फीसद वोट हासिल किए थे। इस बार भी लगभग इतने ही मत प्रतिशत हैैं, जिनमें इनेलो से अलग हुई जननायक जनता पार्टी के मत भी शामिल हैैं।

हरियाणा लोकसभा चुनाव नतीजे – 2019

पार्टी जीती सीटें वोट शेयर प्रतिशत
भाजपा 10 57.93
कांग्रेस 0 28.48
इनेलो 0 1.9
बसपा 0 3.63
आप 0 0.36
अन्य 0 7.75

हरियाणा लोकसभा चुनाव नतीजे – 2014

पार्टी जीती सीटें वोट शेयर प्रतिशत
भाजपा 7 34.84
कांग्रेस 1 22.99
इनेलो 2 24.43
बसपा 0 4.6
हजकां 0 6.14
अन्य दल 0 7

हरियाणा के सांसदों को मिला मत प्रतिशत – 2019

क्षेत्र जीते सांसद पार्टी मत प्रतिशत
अंबाला रतनलाल कटारिया भाजपा 58.68
कुरुक्षेत्र नायब सिंह सैनी भाजपा 55.98
सिरसा सुनीता दुग्गल भाजपा 52.16
हिसार बृजेंद्र सिंह भाजपा 51.13
करनाल संजय भाटिया भाजपा 70.08
सोनीपत रमेश चंद्र कौशिक भाजपा 52.03
रोहतक डा. अरविंद शर्मा भाजपा 46.81
भिवानी-महेंद्रगढ़ धर्मबीर भाजपा 63.26
गुडग़ांव राव इंद्रजीत भाजपा 60.94
फरीदाबाद कृष्णपाल गुर्जर भाजपा 68.68
Back to top button