बिहार: जदयू के संतोष कुशवाहा ने भी छोड़ी पार्टी, अब कई और भी छोड़ सकते हैं पार्टी

 पटना। जदयू के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी ने बुधवार को जदयू की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने पार्टी पर भेदभाव का आरोप लगाया है। उनके बाद आज जदयू में बड़ी टूट की खबर मिल रही है। पार्टी के कई नेता आज पार्टी छोड़ने की घोषणा कर सकते हैं।

बिहार: जदयू के संतोष कुशवाहा ने भी छोड़ी पार्टी, अब कई और भी छोड़ सकते हैं पार्टी

पार्टी छोड़ने वाले नेताओं में पहला नाम जदयू के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संतोष कुशवाहा का है, जिन्होंने गुरुवार को पटना में अपने साथियों के साथ पार्टी छोड़ने का एलान किया। सुबह 11 बजे कुशवाहा जेपी गोलंबर पहुंचे और अपने समर्थकों के साथ पार्टी छोड़ने की घोषणा की। कुशवाहा ने बताया कि युवा जदयू के कई पूर्व पदाधिकारी भी पार्टी से इस्तीफा देंगे। उन्होंने बताया कि फिलहाल उन्होंने यह तय नहीं किया है कि आगे किस पार्टी में वह शामिल होंगे।

बता दें कि पिछले माह संतोष कुशवाहा को युवा जदयू के प्रदेश अध्यक्ष पद से हटा कर संगठन को भंग कर दिया गया था। उनकी जगह अभय कुशवाहा को युवा जदयू का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। उन्होंने नये सिरे से संगठन का पुनर्गठन किया है। वहीं संतोष कुशवाहा के साथ ही पार्टी के पूर्व मंत्री बागी प्रसाद वर्मा, पूर्व मंत्री अवधेश कुशवाहा के भी पार्टी छोड़ने की चर्चा जोर-शोर से चल रही है। पार्टी नेताओं के इस फैसले पर जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा है कि इनके जाने से पार्टी की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ेगा। बता दें कि कांग्रेस के चार विधानपार्षद जदयू  में पहले ही आ चुके हैं।

Back to top button