सातवीं बार इनेलो के प्रदेश प्रधान बने अशोक अराेड़ा, पार्टी ने संविधान बदला

चंडीगढ़। हरियाणा के प्रमुख विपक्षी दल इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष पद पर पिछले 14 साल से काबिज पूर्व स्पीकर अशोक अरोड़ा की सातवीं बार ताजपोशी कर दी गई है। अरोड़ा को सातवीं बार अध्यक्ष बनाने के लिए इनेलो ने अपने पार्टी संविधान में संशोधन किया है। थानेसर (कुरुक्षेत्र) विधानसभा सीट से चार बार विधायक रह चुके अशोक अरोड़ा की गैर जाट खासकर पंजाबी बिरादरी में  अच्छी पकड़ है।सातवीं बार इनेलो के प्रदेश प्रधान बने अशोक अराेड़ा, पार्टी ने संविधान बदला

पार्टी संगठन खड़ा करने व चौटाला परिवार के प्रति निष्ठा का मिला लाभ

जेबीटी शिक्षक भर्ती मामले में ओमप्रकाश चौटाला और अजय चौटाला के जेल जाने के बाद अशोक अरोड़ा ने जिस तरह से पार्टी को मजबूती के साथ खड़ा किया, उसी का इनाम उन्हें मिला है। अरोड़ा जून 2004 में पहली बार प्रदेश अध्यक्ष बने थे। इनेलो के पार्टी संविधान में प्रावधान था कि अध्यक्ष पद पर कोई भी व्यक्ति दो साल रह सकता है। फिर इसे बदलकर दो बार किया गया। अरोड़ा के लिए ही पार्टी संविधान बदलकर प्रावधान किया गया था कि कोई भी व्यक्ति छह बार तक प्रदेश अध्यक्ष रह सकता है, लेकिन अब संविधान बदलकर व्यवस्था कर दी गई है कि अध्यक्ष पद के लिए समय सीमा तय नहीं है।

रवींद्र सांगवान युवा विंग के प्रदेश अध्यक्ष होंगे, जिला व मंडल प्रधान भी घोषित

इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश चौटाला ने विपक्ष के नेता अभय चौटाला, अजय सिंह चौटाला और पार्टी विधायकों के साथ चर्चा के बाद अशोक अरोड़ा की प्रदेश अध्यक्ष पद पर नियुक्ति का ऐलान किया। साथ ही नए जिलाध्यक्ष भी घोषित किए गए हैैं। पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी को जिला पंचकूला, शीशपाल जंधेड़ी अंबाला, कुलदीप सिंह लुबाणा कुरुक्षेत्र, कंवल पाल शर्मा कैथल, कृष्ण राठी जींद, पदम जैन सिरसा, बलविंदर सिंह कैरों फतेहाबाद, सुनील लांबा भिवानी, राजेंद्र सिंह लितानी हिसार, सतबीर यादव को महेंद्रगढ़ और किशोर यादव को गुरुग्राम का जिलाध्यक्ष बनाया गया है।

देवेंद्र चौहान को फरीदाबाद, सतीश नांदल को रोहतक, राकेश जाखड़ को झज्जर, पदम दहिया को सोनीपत, सुरेश काला को पानीपत, यशवीर राणा को करनाल, दलमीरा सैनी को यमुनानगर, पूर्व चेयरमैन बद्रुद्दीन को मेवात, अजीत सिंह बॉबी को पलवल, डॉ. राजपाल यादव को रेवाड़ी व नरेश द्वारका को जिला दादरी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। रवींद्र सांगवान को इनेलो युवा प्रकोष्ठ का प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया है। युवा प्रकोष्ठ के जिला संयोजकों और ग्रामीण हलका प्रधानों के नामों की भी घोषणा कर दी गई है।

Back to top button