नाराज पिता ने अपनी ही बेटी की ली जान, गोली मारकर की हत्या, पढ़े पूरी खबर

यमुना एक्सप्रेसवे पर लाल सूटकेस में मिली लड़की की लाश की शिनाख्त होने के बाद यूपी पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। युवती के पिता ने बेटी के अक्सर घर से चले जाने और दो-तीन दिन बाद वापस लौटने से नाराज होकर अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी। बाद में उसके शव को कार से यमुना एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर फेंककर भाग गया था। पुलिस ने पिता और मां को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं हत्या में प्रयुक्त रिवॉल्वर, कारतूस, युवती का मोबाइल फोन और कार को बरामद कर लिया है।

गौरतलब है कि 18 नवंबर को यमुना एक्सप्रेसवे के राया कट के सर्विस रोड पर सूटकेस में युवती का शव मिला था। रविवार को शव की शिनाख्त दिल्ली के थाना बदरपुर के गली-65 गांव मोड निवासी नितेश यादव की बेटी 21 वर्षीय आयुषी के रूप में हुई थी।

एसपी सिटी मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने बताया कि युवती के माता-पिता और बेटे से अगल-अलग बात की गई थी। इसमें मां-पिता के बयान नहीं मिलने पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। नितेश यादव ने बताया कि आयुषी अक्सर घर से चली जाती थी। कभी-कभी दो-तीन दिन बाद घर आती थी। इसको लेकर पिता की अक्सर कहासुनी होती थी।

17 नवंबर को दोपहर में घर पर की हत्या 

पिता ने 17 नवंबर को दोपहर दो बजे बेटी की घर पर ही दो गोली मार हत्या कर दी। बाजार से पॉलीबैग लाकर शव को उसमें रख लाल शूटकेस में रख दिया। 18 नवंबर को तड़के पत्नी के साथ मथुरा आए। सुबह पांच बजे कोटवन टोल से कार मथुरा की ओर आई। एक्सप्रेसवे पर वृंदावन कट के अंडरपास से करीब सुबह 6:50 बजे सर्विस रोड पर झाड़ियों में शूटकेस फेंक दिया।

जांच के लिए कई जिलों में घूमती रही पुलिस

एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस टीमें लखनऊ, फरीदाबाद, दिल्ली, कानपुर, आगरा, अलीगढ़, हाथरस, भरतपुर, जयपुर, नोएडा, बुलंदशहर, गाजियाबाद, गुरुग्राम आदि में 20-22 उम्र की गुम हुई लड़कियों के बारे में जानकारी ले रही थी।

आयुषी ने अक्टूबर में कर ली थी शादी

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आयुषी ने अक्टूबर में भरतपुर के छत्रपाल नामक युवक के साथ आर्य समाज मंदिर शाहदरा में शादी कर ली थी। इसका मैरिज प्रमाण-पत्र पर 13 अक्टूबर को आया था। आयुषी बीसीए फाइनल ईयर की छात्रा थी। वह देहली ग्लोबल इंस्टीट्यूट एंड टेक्नोलॉजी जनकपुरी दिल्ली में पढ़ रही थी।

महिला आयोग ने मथुरा पुलिस को नोटिस भेजा

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने दिनांक 18 नवंबर को मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे के पास ट्रॉली बैग के अंदर एक महिला की लाश मिलने की मीडिया रिपोर्टों पर स्वत संज्ञान लिया है। आयोग ने मामले में मथुरा पुलिस को नोटिस जारी किया है।

डॉक्टरों ने शरीर से एक गोली बरामद की

आयुषी का सोमवार दोपहर को महिला डॉक्टर समेत तीन डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के मध्य पोस्टमॉर्टम कराया गया। इस दौरान उसके शरीर से एक गोली बरामद की है। उसे सील कर दिया गया है। युवती के दो गोली मारी गई थीं, एक गोली पार हो गई।

Back to top button