24 जून को अमित शाह का देहरादून दौरा, युवा मोर्चा करेगा स्वागत

देहरादून : लोकसभा चुनाव से ऐन पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का 24 जून को देहरादून प्रवास का कार्यक्रम है। शाह की क्लास को लेकर भाजपा नेता खासे सतर्क हैं।  24 जून को अमित शाह का देहरादून दौरा, युवा मोर्चा करेगा स्वागत

बताया जा रहा कि साढ़े चार घंटे के दौरान वह एक के बाद पांच बैठकें लेंगे। इस सबको देखते हुए भाजपा के प्रांतीय नेतृत्व ने कमर कस ली है। इस कड़ी में बैठकों के लिए पार्टी के प्रांतीय पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। 

उधर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि अभी राष्ट्रीय अध्यक्ष का आधिकारिक कार्यक्रम नहीं मिला है, लेकिन हमारी तैयारियां पूरी हैं।

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के अभी तक के संभावित कार्यक्रम के मुताबिक 24 जून को वह देहरादून में एक बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक ताबड़तोड़ पांच बैठकें लेंगे। बताते हैं कि सबसे पहले वह पार्टी के कोर ग्रुप व कार्यकारिणी की बैठक लेंगे। 

इसके बाद पूर्णकालिक विस्तारकों, सोशल मीडिया स्वयंसेवकों, अनुसूचित वर्ग के पार्टीजनों से संवाद और फिर लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति की बैठकों में शिरकत करेंगे। शाह के दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा नेतृत्व भी खासा सतर्क है। इस कड़ी में बीजापुर गेस्ट हाउस में हुई बैठक में जिम्मेदारियां सौंपी गई। 

प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने व्यवस्था में लगने वाले कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि सभी को राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रवास से संगठनात्मक विकास में लाभ लेना चाहिए। बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन संजय कुमार भी मौजूद थे। 

वहीं, भाजपा के प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रवास के मद्देनजर प्रांतीय पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां दी गई हैं। इनमें नरेश बंसल को कार्यक्रम व प्रवास प्रमुख, राजू भंडारी को पूर्णकालिक विस्तारक बैठक प्रमुख, गजराज सिंह बिष्ट को सोशल मीडिया वॉलिंटियर मीट प्रमुख, खजानदास को संवाद कार्यक्रम प्रमुख, ज्योति प्रसाद गैरोला को संवाद सह कार्यक्रम प्रमुख और नरेश बंसल को लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति बैठक प्रमुख का दायित्व सौंपा गया है।

युवा मोर्चा को दी शाह के स्वागत की जिम्मेदारी

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के स्वागत की जिम्मेदारी युवा मोर्चा को दी गई है। मोर्चा ने शहरभर में शाह के स्वागत में केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों से भरे होर्डिंग्स से लेकर पार्टी के झंडे लगाने को समिति का गठन कर दिया है।

भाजपा महानगर कार्यालय में आयोजित युवा मोर्चा की बैठक की तैयारियों पर चर्चा की गई। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष श्याम पंत और महामंत्री राजेश रावत ने कहा कि 24 जून को राष्ट्रीय अध्यक्ष के आने से पहले शहरभर में पार्टी के झंडे, होर्डिंग्स और बैनर लगाए जाएंगे। 

इसके अलावा पूरे शहर में साज-सज्जा की जिम्मेदारी भी मंडल अध्यक्षों को दी गई। बैठक में मोर्चा ने प्रदीप आनंद, कृष्णा राठौड़, शुभम नेगी, चेतन जग्गी, प्रशांत डोभाल, लोकेश सकलानी, अमित राणा, शुभम जैन, वैभव अग्रवाल, पवन गौड़, वरुण वालिया, अभिषेक शर्मा को स्वागत समिति की जिम्मेदारी दी गई है।

अमित शाह का प्रस्तावित कार्यक्रम 

– 12:00 जौलीग्रांट से पहुंचेंगे दून। 

– 1:00 बजे एनेक्सी में विस्तारकों के साथ बैठक।

– 2:30 बजे सोशल मीडिया से जुड़े पदाधिकारियों की बैठक।

– 4:00 बजे एससी-एसटी संवाद कार्यक्रम।

– 5:30 बजे चुनाव संचालन समिति की बैठक।

Back to top button