पंजाब में 7 को आएंगे अमित शाह, गठबंधन के नेताओं के साथ करेंगे चुनावी चर्चा

मोहाली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 7 जून को चंडीगढ़ आ रहे हैं। शाह एनडीए गठबंधन के पदाधिकारियों व सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल,  पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के अलावा कई नेता शामिल होंगे। 

पंजाब में 7 को आएंगे अमित शाह, गठबंधन के नेताओं के साथ करेंगे चुनावी चर्चा

इस दौरान 2019 लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की जाएगी। पंजाब भाजपा के पूर्व अध्यक्ष कमल शर्मा ने मोहाली में पत्रकारों के साथ बातचीत में यह जानकारी दी। कमल शर्मा मोहाली में केंद्र सरकार के चार साल पूरे होने पर सरकार की ओर से किए गए कार्यों का लेखा-जोखा बताने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने सरकार की ओर से किए गए कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

किसानों का आंदोलन सही, हमने भी उनके लिए बहुत कुछ किया

शर्मा ने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले जो वादे किए थे, उन सबको पूरा किया जा रहा है। राम मंदिर का मुद्दा हो या फिर 377 का, सभी भाजपा की ओर से हल किए जाएंगे। सवाल के जवाब में शर्मा ने कहा कि किसानों का आंदोलन मेरे नजरिए से सही है, लेकिन किसानों को ये बात समझनी चाहिए कि जो काम भाजपा की केंद्र सरकार ने उनके लिए किए हैं, वे किसी भी सरकार ने आज तक नहीं किए। ग्रामीण सड़कों की बात हो या फिर खरीफ की फसल का समर्थन मूल्य, सब पर केंद्र ने किसानों के लिए बेहतर करने का प्रयास किया है।

जसवंत व शत्रुघ्न का फैसला केंद्रीय नेतृत्व करेगा

जसवंत सिन्हा व शत्रुघ्न सिन्हा की ओर से भाजपा पर उठाए सवालों पर शर्मा ने कहा कि क्या एक्शन लेना है, यह केंद्रीय प्रतिनिधिमंडल तय करेगा। दोनों पार्टी के सीनियर नेता हैं और उन्हें इस बात को समझना चाहिए। पंजाब में लोकसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे पर शर्मा ने कहा कि इसका फैसला भी बैठक में होगा। चुनाव को किन मुद्दों पर लडऩा है, इसको लेकर 7 जून को होने वाली बैठक में निर्णय लिया जाएगा। इस दौरान भाजपा के पदाधिकारी मौजूद थे।

Back to top button