मिशन 2019: अमित शाह ने मनोहर से ली रिपोर्ट, भाजपा करेगी इनेलो-कांग्रेस की घेराबंदी

चंडीगढ़। मिशन 2019 के तहत लोकसभा और विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा पूरी तरह सक्रिय हाे गई है। पार्टी अध्‍यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को इस बारे में मुख्‍यमंत्री मनोहरलाल से मिशन 2019 को लेकर रिपाेर्ट ली। इसके साथ ही भाजपा ने राज्‍य में विपक्ष की घेराबंदी शुरू कर दी है। पार्टी ने फैसला किया है कि वह एसवाईएल नहर निर्माण के मुद्दे पर इनेलो के जेल भरो अभियान की पोल खोलेगी। वह कांग्रेस के किसान प्रेम पर सवाल खड़े करते हुए लोगों के बीच जाएगी।मिशन 2019: अमित शाह ने मनोहर से ली रिपोर्ट, भाजपा करेगी इनेलो-कांग्रेस की घेराबंदी

इसके अलावा भाजपा ने केंद्र की मोदी सरकार की चार साल की उपलब्धियों को जनता के बीच पहुंचाने का खाका तैयार किया है। मिशन 2019 को लेकर शुक्रवार को पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अमित शाह ने मुख्‍यमंत्री मनोहरलाल और भाजपा के राष्‍ट्रीय महासचिव से तैयारियों व गतिविधियों के बारे में जानकारी ली।

मुख्‍यमंत्री मनोहर ने शुक्रवार को नई दिल्‍ली में भाजपा अध्‍यक्ष अमित शाह से मुलाकात की। उनके साथ भाजपा के राष्‍ट्रीय महासचिव अरुण सिंह भी थे। बताया जाता है कि अमित शाह ने मुख्‍यमंत्री मनोहरलाल और अरुण सिंह से हरियाणा में भाजपा की हालत और मिशन 2019 को लेकर चल रही गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। मुख्‍यमंत्री ने अमित शाह से राज्‍य में भाजपा की स्थिति आैर पार्टी के अंदर के हालात के बारे में जानकारी दी।

बता दें कि बृहस्‍पतिवार को अरुण सिंह ने भाजपा के सभी मंत्रियों, नेताओं और जिला प्रभारियों के साथ बैठकें की थीं। उन्‍होंने इने बैठकों में मिले फीडबैक से अमित शा‍ह को अवगत कराया। पाटीं सूत्राें अमित शा‍ह ने सीएम मनोहरलाल को राज्‍य में पार्टी के मिशन 2019 के बारे में दिशा-निर्देश दिए।

मिशन 2019 के तहत राज्य में 11 जून तक बुद्धिजीवी, साहित्यकार और कलाकार सम्मेलनों का आयोजन होगा। इन सम्मेलनों में केंद्र की उन 15 योजनाओं के बारे में खुली चर्चा की जाएगी, जिनके लागू होने से आम लोगों को लाभ मिलने का दावा किया जा रहा है।

इससे पहले राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने बृहस्पतिवार को चंडीगढ़ पहुंचकर एक के बाद एक मैराथन बैठकें कीं। हरियाणा निवास में आयोजित बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल, उनकी कैबिनेट के मंत्रियों, विधायकों और प्रमुख पदाधिकारियों के साथ चर्चा की। बाद में भाजपा कोर ग्र्रुप के सदस्यों, प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, जिला परिषद अध्यक्ष, बोर्ड एवं निगमों के चेयरमैन तथा प्रमुख नेताओं के साथ मंथन के दौर चले।

राष्ट्रीय महासचिव ने केंद्रीय योजनाओं के बारे में पार्टी कार्यकर्ताओं से फीडबैक हासिल किया। अरुण सिंह ने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी को पांच बूथ पर विशेष संपर्क अभियान चलाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचा जा सके। उन्होंने 9 से 11 जून तक बूथों पर विशेष संपर्क अभियान चलाने के निर्देश दिए। प्रत्येक बूथ पर बूथ प्रमुख कम से कम 50 लोगों से मिलेंगे। मंडल कार्यकारिणी के सदस्य भी उनसे संपर्क साधकर संगठन को मजबूत करेंगे तथा प्रचार सामग्री बांटेंगे।

मुद्दाविहीन विपक्ष को बेनकाब करें कार्यकर्ता : मनोहर

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विशेष जनसंपर्क अभियान को समय की जरूरत बताते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को मुद्दाविहीन विपक्ष को बेनकाब करने में जुटना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू नहीं करने के मुद्दे पर लोगों को गुमराह किया है, जबकि भाजपा इस रिपोर्ट को चरणबद्ध तरीके से लागू कर चुकी है। खुद प्रोफेसर स्वामीनाथन ने भाजपा के प्रयासों की सराहना की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एसवाईएल नहर निर्माण का मसला कोर्ट में लंबित है। भाजपा की पैरवी से हरियाणा के हक में फैसला आया है। इसके बावजूद इनेलो गिरफ्तारी का नाटक कर रहा है। उन्होंने अपने कार्यकाल में अहम फैसलों की जानकारी देते हुए कहा कि उपलब्धियां बहुत हैैं, जिन्हें आम लोगों तक लेकर जाने की जरूरत है।

चुनाव तक चलते रहेंगे भाजपा के विशेष अभियान

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की ताकत बताते हुए कहा कि विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष के हमलों का जवाब देने के लिए ऐसे अभियान लोकसभा और विधानसभा चुनाव तक चलते रहेंगे, जिसके लिए कार्यकर्ता तैयार रहें।

अनुसूचित बस्तियों तक भी पहुंचेगी भाजपा

भाजपा महासचिव अरुण सिंह के अनुसार विशेष संपर्क अभियान और वार्ताओं के जरिये मोदी सरकार के चार साल की उपलब्धियां लोगों के बीच ले जाई जाएंगी। समरसता संपर्क अभियान में अनुसूचित बस्तियों में एक दिवसीय विशेष अभियान चलेगा। ग्राम सभा का आयोजन होगा। महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई की जाएगी। मोटरसाइकिल यात्रा निकलेगी तथा वरिष्ठ नागरिकों से चर्चा की जाएगी।

वीडियो कॉन्फ्रेंस और नरेंद्र मोदी ऐप के जरिये लाभार्थियों से बातचीत

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला और सीएम के मीडिया सलाहकार राजीव जैन के अनुसार समाज के जिन व्यक्तियों को केंद्र की योजनाओं का लाभ मिलेगा, भाजपा उन सभी के बीच पहुंचेगी। राज्य में अलग-अलग स्थानों पर लाभार्थियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और नरेंद्र मोदी ऐप के माध्यम से चर्चा होगी। प्रधानमंत्री मोदी 5 जून को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी, 6 को अटल इनोवेशन मिशन, स्टार्ट अप इंडिया व स्टैंड अप इंडिया, 7 जून को जन औषधि परियोजना, सस्ती एवं गुणवत्ता स्वास्थ्य सेवाएं और 8 जून को जीवन ज्योति बीमा एवं जीवन बीमा सुरक्षा योजना पर लोगों से जुड़ेंगे।

Back to top button