किशोर उपाध्याय कुंजवाल को मनाने जाएंगे अल्मोड़ा

नई टिहरी: कांग्रेस में संगठनात्मक फेरबदल के बाद नाराज चल रहे वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल न्याय के लिए इन दिनों ईष्टदेवों की शरण में हैं, लेकिन अब उन्हें मनाने की कोशिशें भी तेज हो गई हैं। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने यह बीड़ा उठाया है। किशोर ने कहा संवादहीनता के कारण यह नौबत आई है, जल्द ही सब ठीक हो जाएगा।किशोर उपाध्याय कुंजवाल को मनाने जाएंगे अल्मोड़ा

नई टिहरी में पत्रकारों से बातचीत में किशोर उपाध्याय ने कहा कि कुंजवाल वरिष्ठ नेता होने के साथ ही कांग्रेस के सारथी भी हैं। उनका इस तरह नाराज होना सही संकेत नहीं है। कहा कि कुंजवाल को लेकर उन्होंने प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह और प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के साथ विस्तृत विमर्श किया है। 

किशोर ने कहा कि जल्द वह अल्मोड़ा रवाना होंगे। गौरतलब है कि इन दिनों कुंजवाल अल्मोड़ा में गोलज्यू देवता समेत विभिन्न मंदिरों में दर्शन कर रहे हैं। इसके पीछे कारण बताया जा रहा है कि वह पार्टी संगठन में हुए फेरबदल से खुश नहीं हैं। ऐसे में वह न्याय के लिए देवताओं की शरण ले रहे हैं। इस मामले में किशोर उपाध्याय ने दावा किया कि वह कुंजवाल को मनाने में सफल रहेंगे।

सीमा पर शहीद हो रहे जवानों को लेकर उन्होंने कहा कि सेना जांबाजी से दुश्मन को मुंह तोड़ जवाब दे रही है, लेकिन केंद्र सरकार को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिएं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पाकिस्तान के साथ रिश्ते सुधारने में भी नाकाम साबित हुई है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि जवानों की सुरक्षा बेहतर करने की दिशा में कदम उठाए जाने चाहिए। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सूरज राणा और प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट भी मौजूद थे।

Back to top button