अखिलेश यादव ने कहा- केवल सत्ता के लिए पिछड़ों की बात करती है BJP

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा साजिशों की पार्टी है और वह सिर्फ सत्ता के लिये ही पिछड़ों की बात करती है। अखिलेश ने यहां एक बयान में कहा कि भाजपा सिर्फ सत्ता के लिए पिछड़ों की बात करती है लेकिन वह पिछड़ों को और पिछड़ा बनाए रखने का षड़यंत्र कर रही है। भाजपा की राजनीति ‘बांटो और राज करो’ की है। यह पार्टी अलोकतांत्रिक कार्य कर रही है। समाजवादी पार्टी उसकी वैमनस्य की राजनीति का मुकाबला करने के लिए कटिबद्ध है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जनगणना के आधार पर सभी के लिए न्याय, अवसर, अधिकार और सम्मान की व्यवस्था होनी चाहिए। समाजवादी पार्टी अपनी सरकार में विभिन्न जातियों की आनुपातिक भागीदारी सुनिश्चित करने का काम करेगी। सामाजिक न्याय की अवधारणा को समाजवादी ही आगे बढ़ाएंगे क्योंकि वही इसके लिए संघर्षरत रही है।

उन्होंने कहा कि हमारी मांग तो यह है कि विकास देश के काम आए। गरीबी मिटनी चाहिए, बेकारी दूर हो और भुखमरी समाप्त हो। यही भाजपा से बुनियादी झगड़ा है। भाजपा ने देश को अनावश्यक मुद्दों पर उलझा दिया है। हमें भाजपा के बहकावे में नहीं आना है क्योंकि भाजपा के प्रचार में उलझ गए तो आने वाली पीढ़ियों का भविष्य बिगड़ जाएगा। 

अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार के पास विकास का कोई स्पष्ट विजन नहीं है। प्रदेश में 60 हजार करोड़ रुपये के निवेश का बड़ा शोर मचा लेकिन राज्य सरकार यह नहीं बताती कि किस बैंक ने कितना कर्ज दिया है। भाजपा की विकास विरोधी नीतियों के खिलाफ जनता में जो आक्रोश है, उसका अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में फूटना तय है। 

Back to top button