CM योगी के बाद अब अखिलेश यादव ने की केरल के बाढ़ पीडि़तों के लिए ये अपील

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के केरल की बाढ़ पीडि़तों की मदद के लिए धनराशि जारी करने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी भावुक अपील की है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केरल के बाढ़ पीडि़तों की मदद करने की अपनी इस भावुक अपील ट्वीट किया है।

बीते करीब सात दिन से बाढ़ से तबाह केरल और वहां के लोगों की मदद के लिए अखिलेश यादव ने बड़ी भावुक अपील की है। केरल अभी सदी की सबसे बड़ी तबाही से जूझ रहा है। बीते सौ वर्ष में केरल ने ऐसी तबाही नहीं देखी थी, जिसकी मार अभी वह झेल रहा है।

बाढ़ से तबाह केरल और वहां के लोगों के लिए चारों ओर से मदद के हाथ उठ रहे हैं। राज्यों से लेकर लोग व्यक्तिगत तौर पर केरल को बाढ़ के कहर से उबारने के लिए मदद कर रहे हैं और अपनी ओर से दान दे रहे हैं। जिससे वहां के लोगों की जिंदगी को सुरक्षित किया जा सके। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भी केरल में बाढ़ पीडि़तों के लिए दुख प्रकट किया है। इसके साथ ही अखिलेश ने केरल में जरूरतमंदों की मदद के लिए व्यक्तिगत दान देने की बात भी कही।

केरल में आई बारिश के बाद बाढ़ की भयावहता से जूझ रहे में लोगों की मदद के लिए अखिलेश यादव ने ट्वीट किया। अखिलेश यादव ने लिखा- मैं दिल से केरल के लोगों के पास हूं। मैंने और मेरी पत्नी ने केरल में जरूरतमंदों की मदद करने के लिए व्यक्तिगत तौर पर दान करने का फैसला किया है। अगर आप भी उनकी मदद कर सकते हैं, तो कृपया अपना योगदान जरूर दें। उन लोगों को याद रखें जो खो गए और केरल वासियों के लिए प्रार्थना करें जो अभी भी इस तबाही से लड़ रहे हैं।

केरल में बाढ़ के कारण अभी तक 350 से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। छह लाख से ज्यादा लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं। राज्य के 14 में से 11 जिलों में रेड अलर्ट था, मगर अब हटा लिया गया है और औरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है। सबसे चिंताजनक बात है कि मौसम विभाग ने अभी भी भारी बारिश की आशंका जताई है जिससे आने वाले समय में हालात और बिगडऩे के आसार हैं। 

Back to top button