‘84 का कत्लेआम कराने वाले टॉलरेंस पर भाषण दे रहे हैं’

635820640743675944.-300x185पूर्णिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को पूर्णिया में चुनावी रैली की। रंगभूमि मैदान में मोदी ने 1984 दंगों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि मैडम सोनिया जी आपने तो 35 साल राज किया। आज 2 नवंबर है। 1984 का 2 नवंबर याद करो। इंदिरा गांधी की हत्या हो गई थी इसके बाद कत्ल-ए-आम किया गया। कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगे। आज उसी 2 नवंबर को कांग्रेस पार्टी टॉलरेंस पर भाषण दे रही है। कांग्रेस पार्टी डूब मरो। अभी भी सिखों के आंसू नहीं पोछे गए हैं।’

बता दें कि कांग्रेस प्रेसिडेंट सोनिया गांधी देश के हालात और टॉलरेंस जैसे मुद्दे पर राष्ट्रपति से मुलाकात करने वाली हैं।

पूर्णिया में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि  मैं लोकसभा चुनाव के वक्त यहां आया था, लेकिन इस बार लगता है कि लोकसभा में जो कसर रह गई उसे पूरा करने का फैसला कर लिया है। मैं खास करके इतनी बड़ी संख्या में आई माताओं और बहनों को प्रणाम करता हूं। लोगों को अजूबा लग रहा है कि रैलियों में इतनी बड़ी संख्या में माताएं कैसे आ रही हैं। जंगल राज के खिलाफ सबसे अधिक गुस्सा माताओं और बहनो को होता है। महिलाएं शांति और विकास के लिए वोट डाल रही हैं। मैं माताओं और बहनों के सपने को पूरा करूंगा।

मोदी ने कहा जो लोग सरकार में बैठे होते हैं उनकी जिम्मेदारी होती है अपने सरकार के कामकाज का हिसाब देना। 15 साल तक लालू ने राज किया 10 साल तक नीतीश ने राज किया। 25 साल तक इन्होंने सरकार चलाई । 25 साल कोई कम समय नहीं होता। मेरी सरकार को 25 माह नहीं हुए हैं और ये मेरा हिसाब मांग रहे हैं। अपने 25 साल का हिसाब देने को तैयार नहीं है और दिन रात मुझसे हिसाब मांगते हैं।

मोदी ने कहा कि नीतीश ने कहा था कि मुझे वोट दीजिए मैं घर घर में बिजली पहुंचाऊंगा। बिजली नहीं पहुंचा पाऊं तो वोट मांगने नहीं आऊंगा। बिजली नहीं आई, लेकिन वह वोट मांगने आ गए। उन्होंने आपसे धोखा किया है। जो जनता से धोखा कर सकते हैं उनपर कोई विश्वास नहीं कर सकता। अब बिहार आप पर भरोसा नहीं कर सकता।
पूर्णिया के बाद पीएम फारबिसगंज और दरभंगा में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। यह प्रधानमंत्री की राज्य में अंतिम चुनावी सभा होगी।

 

 

Back to top button