एफआईएच महिला हॉकी प्रतियोगिता में शामिल हुए झारखंड के ये  4 खिलाड़ी

झारखंड की 4 हॉकी खिलाड़ियों का चयन भारतीय सीनियर महिला हॉकी टीम में किया गया है। भारतीय टीम 27 नवंबर से 18 दिसंबर तक स्पेन में आयोजित एफआईएच महिला हॉकी प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी। इस प्रतियोगिता में राज्य की निक्की प्रधान, सलीमा टेटे,संगीता कुमारी और ब्यूटी डुंगडुंग देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। निक्की और सलीमा टेटे ओलंपियन हैं जबकि संगीता कुमारी का सीनियर टीम में प्रवेश एक साल पहले हुआ है। 

टीम में पहली बार ब्यूटी डुंगडुंग को भी जगह
टीम में पहली बार ब्यूटी डुंगडुंग को भी स्थान मिला है। निक्की प्रधान खूंटी की रहने वाली हैं जबकि सलीमा टेटे, ब्यूटी डुंगडुंग तथा संगीता कुमारी सिमडेगा की हैं। एक दशक से भी ज्यादा समय के बाद ऐसा मौका आया है जब राज्य की चार खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम में होंगी। हालांकि कुछ साल पहले ऐसा समय भी आया था जब राष्ट्रीय टीम में झारखंड का प्रतिनिधित्व शून्य हो गया था।

सात खिलाड़ी तक रह चुकी हैं भारतीय टीम में
बिहार के समय में यहां से छह से सात खिलाड़ी तक राष्ट्रीय सीनियर महिला टीम में रह चुकी हैं। 1987 में सावित्री पूर्ति, यशमणि सांगा, सलोमी भेंगरा, दयामणि सोय, अलमा गुड़िया विश्वासी पूर्ति तथा सलोनी पूर्ति एक साथ भारतीय टीम में थी जिसने इंदिरा गांधी गोल्ड कप हॉकी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। दो दशक पहले तक छोटानागपुर की हॉकी का पराक्रम ऐसा भी रहा जब 16 सदस्यीय बिहार टीम की 13 खिलाड़ियों का चयन भारतीय सीनियर महिला हॉकी कैंप के लिए किया गया और इनमें से आधी खिलाड़ी भारतीय टीम में भी चुन ली गईं।

हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने हॉकी झारखंड के चार खिलाड़ियों के भारतीय टीम मे चुने जाने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि झारखंड में हॉकी की बेंच स्ट्रेंग्थ मजबूत होती जा रही है और जूनियर स्तर पर हॉकी में काफी सुधार आ गया है।

Back to top button