16 साल की लड़की से गैंगरेप करने वाले आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

बिहार के मुंगेर जिले में 16 साल की लड़की से गैंगरेप का शर्मनाक मामला सामने आया है। तारापुर थाना इलाके के एक गांव में दो बाइक पर सवार चार लोगों ने मोमोज खाने बाजार गई मैट्रिक छात्रा को अगवा कर लिया। फिर उसे सुनसान जगह ले गए और सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं अन्य तीन फरार हैं।

यह वारदात 20 फरवरी की बताई जा रही है। तारापुर एसडीपीओ ने इसकी पुष्टि की है। जानकारी के मुताबिक बीते सोमवार शाम में पीड़िता घर से मोमोज खाने के लिए बाजार गई थी। देर रात तक वह घर नहीं लौटी तो परिजन ने उसकी खोजबीन की। उसका पता नहीं चला तो परिवार वाले पुलिस के पास गए।

पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर लड़की की तलाश शुरू की। इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर 21 फरवरी को एक मकान से पीड़िता को दस्तयाब कर लिया गया।

बताया जा रहा है कि चार युवक दो बाइक पर सवार होकर आए और पीड़िता को बाजार से उठा लिया। इसके बाद वे उसे एक मकान में ले गए और वहां उसका सामूहिक बलात्कार किया। फिर उसे वहीं पर छोड़कर भाग गए। पीड़ित छात्रा इस साल मैट्रिक की परीक्षा दे रही थी। पुलिस अन्य तीन आरोपियों की खोजबीन कर रही है।

Back to top button