1 जुलाई से स्पेन के दरवाजे अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के लिए खोल दिए जाएंगे: प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज

कोरोना महामारी के बीच स्पेन से एक बड़ी खुशखबरी उन लोगों के लिए आ रही है, जो घूमने के शौकीन हैं। स्पेन के प्रधानमंत्री Pedro Sánchez ने एलान किया है कि 1 जुलाई से स्पेन में अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों का दिल से स्वागत है।

एक सरकारी रिपोर्ट के अनुसार, स्पेन सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 14 दिनों के क्वारंटाइन नियम को भी हटाएगी। इससे अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के स्पेन में आने के सभी दरवाजे पूरी तरह से खुल जाएंगे।

इस बारे में स्पेन के पीएम Pedro Sánchez ने आधिकारिक तौर पर एलान करते हुए कहा कि “जैसा कि आप जानते हैं, स्पेन में हर साल 8 करोड़ से अधिक पर्यटक आते हैं। इसके मद्देनजर 1 जुलाई से स्पेन के दरवाजे अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के लिए खोल दिए जाएंगे।

उन्होंने आगे कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पर्यटन के दरवाजे खोलने पड़े। हम अपने देश के सभी नागरिकों सहित अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की सेहत और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएंगे।

इसके साथ ही उन्होंने देश के सभी नागरिकों से अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए वेकेशन प्लान करने का अनुरोध किया। जबकि लोगों के मनोबल को बढ़ाने के लिए देश में 8 जून से फुटबॉल खेल शुरू करने की अनुमति भी दी है।

इस बारे में स्पेन के विदेश मंत्री Arancha González ने सोशल मीडिया ट्विटर पर ट्वीट कर कहा कि बुरा समय पीछे चला गया है। अब हम आगे निकल आए हैं और 1 जुलाई से स्पेन को अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के लिए धीरे-धीरे खोल रहे हैं। साथ ही क्वारंटाइन भी हटा रहे हैं।

गौरतलब है कि स्पेन में कोरोना वायरस महामारी से व्यापक तबाही हुई है। इस वायरस से 2 लाख 83 हजार से अधिक लोग संक्रमित पाए गए हैं, जिनमें तकरीबन 2 लाख लोगों का सफल इलाज हो चुका है। जबकि 27 हजार लोगों की मौत हो चुकी है।

Back to top button