होली के रंग में डाला भंग : भाजपा विधायक को होली पर मिलने आए व्‍यक्ति ने मारी गोली

लखीमपुर खीरी। उत्‍तर प्रदेश में बदमाशों के हौसले इस तरह बुलंद हैं कि अब राज्‍य के विधायक भी महफूज नहीं हैं। होली के उत्‍सव के बीच उत्‍तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में आज बीजेपी विधायक योगेश वर्मा को गोली मार कर घायल कर दिया गया। गोली विधायक के पैर पर लगी। उन्‍हें गंभीर हालत में अस्‍पताल में भर्ती किया गया है।
बताया जा रहा है कि करीब तीन बजे विधायक रंग खेल कर लौट रहे थे। तभी लखीमपुर कोतवाली के गुरुनानक डिग्री कालेज के पास कार से आये हमलावरों ने पहले विधायक से होली मिली और फिर हमला कर दिया। हमलावर कार से भागने में सफल हो गए। हमलावर खनन माफिया बताये जाते हैं। डीएम और एसपी ने अस्पताल पहुंचकर विधायक का हालचाल लिया है।
ये भी पढ़ें:- होली में भारी पड़ी लापरवाही, गुलाल ने बुझा दिया एक घर का चिराग
विधायक के गनर को सस्पेंड कर दिया गया है। लखीमपुर की एसपी पूनम ने बताया कि अभी तक किसी पिंकी सक्सेना नाम के युवक का नाम सामने आया है, जिसकी तलाश में टीमों को रवाना कर दिया गया है। मामला दर्ज किया गया है, जांच चल रही है। लखीमपुर के जिलाधिकारी एस सिंह ने बताया कि विधायक योगेश वर्मा से कुछ लोगों से मुलाकात के दौरान उनकी बहस हो गई। उन्हीं लोगों में से एक ने उन्हें गोली मार दी।

अस्पताल में भर्ती विधायक अभी सदमे में हैं। उनके ठीक होने पर बयान लिया जाएगा। वर्ष 2017 में भी सदर विधायक योगेश वर्मा व उनके प्रतिनिधि पर खनन माफिया ने फायरिंग कर दी थी, जिसमें वह बाल-बाल बचे थे। विधायक का कहना था कि अवैध खनन के विरोध के कारण हमला करवाया गया था। इस मामले की मुकदमा भी दर्ज करवाया गया था।

Back to top button