होली के रंगों से सराबोर हुआ उत्तरप्रदेश, राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के सभी शहरों और गांवों में गुरुवार को धूमधाम से होली मनाई जा रही है। इस बार भी उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होली मनाने के लिए गोरखपुर पहुंच चुके हैं। उत्तरप्रेदश होली के रंगों में डुबा हुआ है। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल रामनाईक तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर यूपी सरकार के सभी मंत्री, विधायक तथा सभी पार्टी के पदाधिका​री अपने कार्यकर्ताओं के साथ जमकर होली खेलते हुए नजर आ रहे हैं।
यूपी में होली पर चारो तरफ बच्चे, युवा, बुजुर्ग, महिलाएं लाल, नीले, पीले और हरे समेत कई रंगों में नहाए हुये हैं। गांव की पगडंडियों, गलियों, शहरों की सड़कों समेत सभी जगहों पर एक दूसरे को रंग और अबीर-गुलाल लगाकर जीवन की मंगलमय की कामना कर रहे हैं।
इस अवसर पर ब्रज, अवधी, बुन्देखण्डी, मिर्जापुरी, भोजपुरी भाषा के होली गीतों पर प्रस्तुति ने प्रेम सद्भाव के त्यौहार की मिठास को और बढ़ा दिया। काशी, गोरखपुर, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, झांसी, चित्रकूट, मथुरा, आगरा, मेरठ समेत सैकड़ों स्थानों पर देवी-देवताओं और ग्राम देवता को अबीर-गुलाल और विविध रंगों से पूजन के साथ होली की शुरूआत हुई। काशीवासियों ने बाबा विश्वनाथ और मां अन्नपूर्णा से जमकर होली खेली तो मथुरावासियों ने कृष्ण कन्हैया और राधा मईया के साथ थिरकते हुए अबीर-गुलाल से नहा रहे हैं।
अपने बधाई संदेश में मुख्यमंत्री या्ेगी ने कहा कि होली का पर्व हमारी गौरवशाली परम्परा, विविधता एवं सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। यह पर्व आपसी प्रेम, एकता, भाईचारे एवं सद्भाव का संदेश देता है। होली का पर्व हमें अधर्म, असत्य एवं अन्याय से लड़ने का प्रबोधन प्रदान करने के साथ ही, अपने पर्व एवं त्योहार परस्पर प्रेम एवं सौहार्द के साथ मनाने की प्रेरणा देता आ रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से होली का पर्व सौहार्दपूर्ण एवं गरिमामय ढंग से मनाने की अपील करते हुए कहा कि अपने पर्व एवं त्योहार की पवित्रता एवं मर्यादा हम सबको बनाए रखनी है। इस दृष्टि से कोई भी ऐसा कार्य न हो, जिससे पर्व एवं त्योहार की मर्यादा भंग होती हो।
पूर्व मुख्यमंत्री व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने होली के अवसर पर ट्यूट के जरिये सबको सपरिवार होली की सतरंगी शुभकामनाएँ दी है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ महेंद्र नाथ पाण्डेय और प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में प्रदेश अध्यक्ष डॉ महेंद्र नाथ पाण्डेय ने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि भाईचारे के प्रतीक रंगों का यह पावन पर्व सभी के जीवन में खुशियों के विविध रंग बिखेरे।
होली के पावन पर्व पर हमारी संस्कृति के विविध रंग मुखरित हो उठते हैं। सनातन संस्कृति के पर्वों की कड़ियों में से एक होली देश की एकता अखंडता, आपसी भाईचारे, भेदभाव मुक्त समाज की संकल्पना को और मजबूत करने वाले अवसरों में से एक है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासी हर्षोल्लास के पर्व पर एक दूसरे की खुशियों के भागीदार बने।

Back to top button