हरियाणा में आम आदमी पार्टी, जेजेपी व कांग्रेस के महागठबंधन को लेकर चल रहे प्रयासों पर लगा विराम

 हरियाणा में आम आदमी पार्टी, जेजेपी व कांग्रेस के महागठबंधन को लेकर चल रहे प्रयासों पर विराम लग गया है। नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में आप नेता व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि गठबंधन को लेकर हमने सभी प्रयास कर लिए, मगर कांग्रेस मोदी अमित शाह की जोड़ी को सत्ता से दूर करने को तैयार नहीं है।

दोनों नेताओं ने कहा कि हम यह बात बार-बार कह चुके हैं कि आप का जन्म कांग्रेस के भ्रष्टाचार के चलते हुआ था। मगर जिस तरह का देश मे माहौल है उसे दूर करने के लिए मोदी और शाह को जोड़ी को सत्ता से दूर करना जरूरी है। हमने कांग्रेस के साथ गठबंधन करने का फैसला लिया। हमने पहले 33  सीटों पर गठबंधन करने के लिए कांग्रेस से बात की। कांग्रेस नहीं मानी तो हमने 18 सीटों को लेकर बात की, मगर इस पर भी कांग्रेस  तैयार नही है।

आप नेताओं ने कहा कि अब कांग्रेस इससे भी मुकर गई है। कांग्रेस हरियाणा में किसी तरह गठबंधन करने को तैयार नही है। कल रात कांग्रेस ने इस बारे ने हमें संदेश दे दिया है। कांग्रेस केवल दिल्ली में गठबंधन की बात कर रही है, जो हमें मंजूर नही है, क्योंकि कांग्रेस दिल्ली में जो भी सीटें लड़ेगी बुरी तरह हारेगी, इसलिए हम दिल्ली में कांग्रेस से गठबंधन नही करेंगे। बता दें, आप हरियाणा में कांग्रेस को सात सीट, जेजेपी को दो व खुद एक सीट पर चुनाव लड़ने के फार्मूले पर काम कर रही थी, इसके लिए जेजेपी ने हामी भर दी थी, लेकिन कांग्रेस इसके लिए राजी नहीं हुई।

Back to top button