स्मार्ट सिटी एरिया में टूटना शुरू हो गए खाली मकान

भोपाल.स्मार्ट सिटी एरिया में खाली मकान तोड़ने का काम शुरू हो गया है। प्लेटिनम प्लाजा के सामने और मॉडल स्कूल के आसपास पहले से खाली मकानों को तोड़ा जा रहा है। मकानों को तोड़ने से पहले इनके दरवाजे, खिड़की, नलों की टोंटी, बिजली और पाइप फिटिंग आदि निकाले जा रहे हैं। यह काम पूरा होने में करीब डेढ़ महीने का समय लगेगा। सबसे पहले प्लेटिनम प्लाजा से जवाहर चौक तक बनने वाली बोलेवर्ड स्ट्रीट की जद में आ रहे मकानों को तोड़ा जा रहा है। इसके बाद दूसरे निर्माण तोड़े जाएंगे।
स्मार्ट सिटी एरिया में टूटना शुरू हो गए खाली मकान
 
पीडब्ल्यूडी को मिलेंगे 1 करोड़
इन मकानों को तोड़ने की एवज में कांट्रेक्टर पीडब्ल्यूडी को एक करोड़ रुपए देगा, जबकि मकानों से निकलने वाला मलबा कांट्रेक्टर ले जाएगा। मकानों को तोड़ने के लिए मशीन और लेबर इंतजाम कांट्रेक्टर को करना होगा। 

ये भी पढ़े: आप भरोसा रखिए, जल्द अन्य राज्यों की तरह यूपी में भी होगा कानून का राज: अमित शाह

जल्द खाली होंगे अन्य मकान
फिलहाल पहले से खाली मकान तोड़े जा रहे हैं। इन मकानों को तोड़े जाने के बाद राज्य शासन की मदद से अन्य मकान खाली कराए जाएंगे। हम प्लेटिनम प्लाजा की तरफ से बोलेवर्ड स्ट्रीट का निर्माण शुरू करेंगे। 
– चंद्रमौलि शुक्ला, सीईओ, स्मार्ट सिटी कंपनी
 
रहवासियों को सता रहा डर
खाली मकानों के बीच में कुछ मकानों में लोग रह भी रहे हैं। आसपास के मकान टूट जाने से यहां शेष रह गए परिवारों के लिए बरसात में नई मुसीबत खड़ी हो गई है। वीरान जगह पर मकानों के मलबे के बीच उन्हें सांप-बिच्छू जैसे जानवरों का डर सता रहा है। खाली मकानों को तोड़ने का काम रात में भी चल रहा है, जिससे परेशानी और बढ़ गई है। खास बात यह है कि इनमें से कुछ लोगों ने तीन महीने पहले ही अन्यत्र मकान आवंटित करने का आवेदन दे दिया है और अपनी च्वाॅइस भी बता दी है। लेकिन आवंटन की फाइल इधर से उधर घूम रही है।
Back to top button