सोनभद्र में राष्ट्रीय महासचिव की गिरफ्तारी को लेकर शहर के कांग्रेसियों में नजर आई नाराजगी

सोनभद्र में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा की गिरफ्तारी के बाद से शहर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में रोष है। शनिवार को भी कांग्रेसियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सरकार का पुतला फूंकने की तैयारी की तो पुलिस से धक्का-मुक्की हो गई। काफी हंगामे के बाद कई कांग्रेस नेताओं को गिरफ्तार करके पुलिस लाइन भेज दिया। इस दौरान करीब ढाई घंटे तक मुख्य चौराहे पर अफरा तफरी का माहौल बना रहा।

सोनभद्र में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा की शुक्रवार को गिरफ्तारी के बाद से कांग्रेस नेताओं में नाराजगी है। शुक्रवार को कांग्रेसियों ने बड़ा चौराहा जाम कर दिया था और एक घंटे की मान मनौव्वल के बाद पुलिस ने गिरफ्तार करके पुलिस लाइन ले गई थी। देर रात करीब 10 बजे सभी को रिहा कर दिया गया था। विरोध के क्रम में शनिवार को फिर कांग्रेसियों ने सरकार का पुतला फूंकने की तैयारी की थी। मध्यह्न करीब 12 बजे कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मूलगंज चौराहा पहुंचे और बड़ा चौराहा की ओर बढऩे लगे।

पुलिस ने बेरिकेडिंग लगाकर कांग्रेसियों को रोकने का प्रयास किया तो धक्का मुक्की शुरू हो गई। इसके बाद पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन भेजा। लेकिन, इस बीच कुछ कांग्रेस नेताओं ने पार्टी कार्यालय तिलक हाल के पास फिर सरकार पुतला फूंकने का प्रयास किया। जानकारी मिलते ही पुलिस पहुंच गई लेकिन कांग्रेस नेता पुतले में आग लगा चुके थे। पुलिस ने कांग्रेसियों से पुतला छीनकर आग बुझा दी। विरोध प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों को हिरासत में ले लिया।

Back to top button