सीएम गहलोत का बड़ा बयान, कांग्रेस के शासन में 15 बार हुई सर्जिकल स्ट्राइक, कभी नहीं की इसकी चर्चा…

जयपुर : देश की मोदी सरकार पर सैन्य कार्रवाइयों का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को यहां दावा किया कि कांग्रेस की सरकारों के दौरान 15 बार सर्जिकल स्ट्राइक हुई लेकिन उन्होंने कभी इसकी चर्चा तक नहीं की। इसके साथ ही गहलोत ने दावा किया कि कांग्रेस राज्य में आगामी लोकसभा चुनाव जीत रही है और पार्टी मिशन 25 को ही लेकर चलेगी।
कुछ ऐसा बोले गेहलोत 
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार गहलोत ने मिडिया से कहा,’देशवासी भोले-भाले हैं समझते हैं मोदीजी ने सर्जिकल स्ट्राइक कर दी। सर्जिकल स्ट्राइक पहले भी 15 बार हुई है। कांग्रेस के शासनकाल में 15 बार सर्जिकल स्ट्राइक हुई, पर कभी नहीं कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक हुई है। ये कायदा होता भी नहीं है, पर आप (प्रधानमंत्री मोदी) बड़ी बहादुरी दिखा रहे हैं। वही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा कि इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान के दो टुकड़े कर नया देश बांग्लादेश बना दिया और अपनी जान दे दी लेकिन खालिस्तान नहीं बनने दिया, लेकिन मोदी तो गांधी परिवार की बुराई करने के अलावा इसकी कभी बात तक नहीं करते। 
आज लोकतंत्र खतरे में है 
इतना ही नहीं गहलोत ने मोदी सरकार पर अपने वादों पर पूरी तरह विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा,’ जिस रूप में आज देश में दो चेहरे राज कर रहे हैं, मोदी और अमित शाह। यह देश का दुर्भाग्य है। आज लोकतंत्र खतरे में है, संविधान भी खतरे में है, देश खतरे में है।’ आगामी आम चुनावों के बारे में उन्होंने कहा,‘ राजस्थान में हम लोकसभा चुनाव जीत रहे हैं । हम मिशन 25 लेकर चलेंगे  लोग क्योंकि जनता का विश्वास हमारे साथ में हैं, इसीलिए कुशासन का अंत भी हुआ।

Back to top button