सीएमएस गोमती नगर एवं अलीगंज कैम्पस टॉप विद्यालयों की राष्ट्रीय सूची में चयनित

प्रधानाचार्या आभा अनन्त एवं ज्योति कश्यप मुंबई में सम्मानित

लखनऊ : सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) एवं सी.एम.एस. अलीगंज (प्रथम कैम्पस) को पूरे देश में सर्वश्रेष्ठ 50 विद्यालयों की सूची में शामिल किया गया है। विश्वप्रसिद्ध पत्रिका फार्च्यून इण्डिया के तत्वावधान जारी ‘फ्यूचर 50 स्कूल्स शेपिंग सक्सेस’ विद्यालयों की सूची में सी.एम.एस. के दोनों कैम्पस ने शामिल होकर लखनऊ का गौरव सारे देश में बढ़ाया है तथापि इस उपलब्धि हेतु सी.एम.एस. गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) की प्रधानाचार्या आभा अनन्त एवं सी.एम.एस. अलीगंज (प्रथम कैम्पस) की प्रधानाचार्या ज्योति कश्यप को अभी हाल ही में मुंबई में आयोजित एक भव्य सम्मान समारोह में प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने कहा है कि इस उपलब्धि का सम्पूर्ण श्रेय विद्यालय के कर्तव्यनिष्ठ व विद्वान शिक्षकों एवं प्रधानाचार्याओं को जाता है जिनकी अतुलनीय निष्ठा व परिश्रम की बदौलय सी.एम.एस. देश ही नहीं अपितु अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर जाना जाता है।

सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि फार्च्यून इण्डिया पत्रिका ने अपने हाल ही में प्रकाशित अंक में सी.एम.एस. गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) का विश्लेषण करते हुए लिखा है कि यह विद्यालय छात्रों को सर्वांगीण शिक्षा प्रदान करने के साथ ही उन्हें आगे बढ़ने के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराता है, यही कारण है कि विद्यालय के छात्रों को विश्व के प्रसिद्ध विश्वविद्यालयों में उच्चशिक्षा के अवसर प्राप्त हो रहे हैं तथापि सी.एम.एस. छात्रों ने कैल्टेक, स्टैनफोर्ड, कार्नेल एवं रोचेस्टर जैसे विश्वप्रसिद्ध विद्यालयों में भी अपनी प्रतिभा की छाप छोड़ी है। वहीं दूसरी ओर, सी.एम.एस. अलीगंज (प्रथम कैम्पस) का विश्लेषण करते हुए फार्च्यून इण्डिया पत्रिका ने लिखा है कि सीएमएस का दृष्टिकोण शिक्षा के माध्यम से विश्व शांति का निर्माण करना है और सी.एम.एस. अलीगंज (प्रथम कैम्पस) मानवता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध विचारशील और सक्रिय विश्व नागरिकों को तैयार कर रहा है। जूनियर यूथ इम्पॉवरमेन्ट, मार्निंग असेंबली और हाउस सिस्टम जैसे प्रोग्राम विद्यालय में रचनात्मकता, सहयोग और प्रतिबद्धता का वातावरण बनाते हैं।

Back to top button