सपा का ब्राह्मण कार्ड : यूपी के हर जिले में लगाएगी भगवान परशुराम की प्रतिमा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव अभी दूर है, लेकिन सूबे की सियासत में ब्राह्मण वोट बैंक को लेकर सियासी पार्टियां जोर-आजमाइश करती नजर आ रही हैं। समाजवादी पार्टी ने दावा किया है कि उसने ब्राह्मणों के लिए सबसे ज्यादा काम किया है। इसी क्रम में अब सूबे के हर जिले में भगवान परशुराम की प्रतिमा लगाई जाएगी। भगवान परशुराम के साथ ही क्रांतिकारी मंगल पाण्डेय की प्रतिमा भी लगाई जाएगी।

समाजवादी पार्टी भगवान परशुराम की प्रतिमा लगाकर ब्राह्मणों का सम्मान बढ़ाएगी। लखनऊ में लगने वाली परशुराम राम की प्रतिमा सूबे की सबसे ऊंची और भव्य होगी। इसकी ऊंचाई 108 फिट होगी। सपा ने इसके लिए काम भी शुरू कर दिया है। प्रतिमा के लिए सपा चंदे से धन जुटाएगी। प्रतिमा के लिए सपा नेता जयपुर गए हैं। प्रतिमा का निर्माण परशुराम चेतना पीठ ट्रस्ट के तहत किया जाएगा। देश के बड़े मूर्तिकारों अर्जुन प्रजापति और राजकुमार से भी इस संबंध में बातचीत हो रही है। समाजवादी पार्टी के इस कदम को यूपी की ब्राह्मण सियासत में मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ समय से ब्राह्मण वोट बैंक को लेकर भाजपा, कांग्रेस, सपा और बसपा के बीच सियासी द्वन्द चल रहा है। केंद्र व प्रदेश सरकार से ब्राह्मणों की नाराजगी सर्वविदित है। सूबे में तमाम घटनाओं को ब्राह्मणों से जोड़कर देखा जा रहा है। कांग्रेस लगातार इस मुद्दे पर आक्रामक है। अब सपा भी ब्राह्मणों का आशीर्वाद पाने कि जुगत में लग गई है। इसके लिए उसने अपने दिग्गज ब्राहमण नेताओं को आगे किया है।

Back to top button