तो इसलिए, सचिन पायलट व कमलनाथ के सीएम बनने से खुश होगा यूपी का यह शहर

मध्य प्रदेश में वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ और राजस्थान में युवा कांग्रेस नेता सचिन पायलट अपने-अपने राज्यों में मुख्यमंत्री पद के तगड़े दावेदार हैं। बताया जा रहा है कि अगले कुछ घंटे के दौरान राजस्थान और मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री के नामों का एलान भी हो जाएगा, हो सकता है दोनों को ही सीएम पद की जिम्मेदारी मिल जाए। अगर ऐसा हुआ तो यूपी का सहारनपुर बहुत खुश होगा, क्योंकि कमलनाथ और सचिन पायलट दोनों का ही सहारनपुर से करीबी रिश्ता है। सहारनपुर में जहां सचिन पायलट का जन्म हुआ, वहीं कमलनाथ सहारनपुर के दामाद हैं।

सचिन का जन्म हुआ था सहारनपुर में

कांग्रेस नेता सचिन पायलट का उत्तर प्रदेश के सहारनुपर से बेहद करीबी रिश्ता है। सहारनपुर में ही 7 सितंबर, 1977 को सचिन पायलट का जन्म हुआ।  दरअसल, सचिन के पिता राजेश पायलट सहारनपुर के सरसावा स्टेशन पर वर्ष 1975-77 के बीच दो साल तक तैनात रहे। इस तैनाती के दौरान राजेश पायलट परिवार के साथ सहारनपुर शहर के अहमदबाग की एक कोठी में रहा करते थे। इस कोठी में रहने के दौरान ही 7 सितंबर, 1977 को सचिन पायलट का जन्म हुआ और यहां पर कुछ समय भी गुजारा, लेकिन तब वे बहुत छोटे थे।

सचिन के बचपन का नाम है शिबु

दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश से बढ़ी ठंड, पहाड़ी इलाकों में जमकर हुई बर्फबारी

दो साल के भीतर ही 1977 में सचिन के पिता राजेश पायलट का यहां से तबादला हो गया और फिर वह एयरफोर्स की नौकरी छोड़कर राजनीति में चले आए। यह भी गौर करने की बात है कि स्वर्गीय राजेश पायलट की पत्नी और सचिन पायलट की मां रमा पायलट ने सहारनपुर के जैन कॉलेज से ही एलएलबी किया था। यह बात कम ही लोग जानते हैं कि सचिन पायलट के बचपन का नाम शिबु भी है।

सहारनपुर से सचिन का प्रचार करने आए थे लोग

सचिन पायलट महज कुछ महीने ही सहारनपुर के अहमदबाग में रहे। काफी छोटे होने से यहां की याद भी नहीं है, लेकिन यहां लोग उन्हें 40 साल बाद भी नहीं भूले हैं। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि राजस्थान में चुनाव के दौरान उनके विधानसभा क्षेत्र टोंक में सहारनपुर के लोगों ने दो गाड़ियों के साथ वहां जमकर प्रचार भी किया था। नतीजा यह हुआ कि सचिन पायलट यहां से अच्छे वोटों से जीते और मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं।

सहारनपुर जाते रहते हैं सचिन 

सहारनपुर के लोगों से जुड़ाव ही नहीं है, बल्कि सचिन पायलट भी बराबर यहां पर आते रहे हैं। वर्ष, 2012 में हुए यूपी विधानसभा चुनाव में भी सचिन पायलट यहां पर आए और उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार किया था। यह अलग बात है कि यहां पर कांग्रेस को आशातीत सफलता नहीं मिली, लेकिन सचिन का आना-जाना बराबर बना रहा है। यही वजह है कि यहां के रहने वाले इस बात से ही खुश हैं कि सचिन राजस्थान के मुख्यमंत्री बन सकते हैं।

सहारनपुर के पूर्व विधायक की बहन से हुई है कमलनाथ की शादी

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में जीत के बाद मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदारों में शुमार कांग्रेस नेता कमलनाथ सहारनपुर के दामाद हैं। दरअसल, भाजपा सांसद राघव लखनपाल शर्मा की बुआ से उनका विवाह हुआ था। जिसके बाद से उनका अपनी सुसराल सहारनपुर से गहरा लगाव हो गया था। भाजपा सांसद राघव लखनपाल शर्मा के पिता व पूर्व विधायक निर्भयपाल शर्मा की बहन अलका से कमलनाथ का विवाह हुआ है। इस रिश्ते की वजह से कमलनाथ का यहां पर आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में कमलनाथ और सचिन पायलट दोनों अपने-अपने प्रदेशों में मुख्यमंत्री बने तो सहारनपुर के लोगोें के लिए यह दोहरी खुशी होगी। 

 

Back to top button