शौच के लिए जंगल गई नाबालिग के साथ तीन युवकों ने किया सामूहिक दुष्कर्म, आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस

जिले के एक गांव में शौच के लिए जंगल गई नाबालिग के साथ तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म कर डाला। बदनामी के डर से परिवार ने मुंह बंद रखा। इससे आरोपितों का हौसला बढ़ गया। अगले ही दिन वे लड़की के घर जा धमके। उसे अगवा कर जंगल ले जा रहे थे कि तभी लड़की के माता-पिता वहां पहुंच गए। उन्हें देख कर आरोपित फरार हो गए। घटना कूमकलां के गांव मंड चौंता की है। अब थाना कूमकलां पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ धमका कर दुष्कर्म करने और पॉक्साे एक्ट के तहत केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है।

एएसआई हरमीत सिंह ने बताया कि आरोपितों की पहचान उसी गांव में रहने वाले मनोज, अर्जुन और निक्कू के रूप में हुई है। पुलिस ने लड़की की मां की शिकायत पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया है। अपने बयान में मां ने बताया कि उसकी 14 वर्षीय बेटी 9वीं की छात्रा है। वह और उसका पति दोनों काम करते हैं। 17 जुलाई के दिन वे दोनों अपने-अपने काम पर गए थे। उसी दिन दोपहर 2 बजे उसकी बेटी शौच के लिए जंगल में गई तो आरोपितों ने डरा धमका कर उसकी मर्जी के खिलाफ उसके साथ दुष्कर्म किया। शाम को उसने घटना के बारे में उन्हें बताया। बदनामी के डर से वो लोग पुलिस के पास नहीं गए।

अगले दिन वे काम से जल्दी घर लौट आए। उस समय तीनों आरोपित उनकी बेटी को घर से अगवा कर जंगल की और ले जा रहे थे। उन्हें देखते ही तीनों धमकियां देते हुए फरार हो गए। इसके बाद उन्होंने पुलिस के पास शिकायत दी। हरमीत सिंह ने कहा कि लड़की का मंगलवार को सिविल अस्पताल में मेडिकल कराया जाएगा। इधर, आरोपितों की तलाश में रेड की जा रही है। जल्द उन्हें काबू कर लिया जाएगा।

Back to top button