शिवपाल ने अखिलेश और माया पर बोला हमला, पार्टी  में कई नेता शामिल

लखनऊ। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्‍ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने मंगलवार को पार्टी कार्यालय में प्रेस वार्ता की। उन्‍होंने कहा कि मायावती को पूरा देश जानता है, वह विश्वास करने लायक नहीं हैं। अखिलेश यादव को धोखेबाज बताते हुए उन्होंने कहा कि जिस ने नेताजी को धोखा दिया अपमान किया, इन पर कौन विश्वास करेगा।
समाजवादी पार्टी से हटना नहीं चाहते थे हम
शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि 2019 और 2022 का जो हमारा लक्ष्य है, उससे दूसरे दलों को अभी से चिंता हो गई है। पहले वो समझ रहे थे कि प्रसपा 4 से 5 सीट जीतेगी, लेकिन दो दिन पहले हमारी बात हुई तो कह रहे हैं, प्रसपा 15 सीट जीतने वाली है। अभी ढाई महीने हुए हैं और चुनाव में समय है। जिस तरह पार्टी मेहनत कर रही है, हम हर माह पांच सीटें बढ़ाएंगे। हम 25 से 30 सीट जीतेंगे। यदि हम इतनी सीटें जीतेंगे तो प्रसपा इस प्रदेश में सबसे बड़ी पार्टी होगी। शिवपाल ने कहा हम समाजवादी पार्टी से हटना नहीं चाहते थे, हम चाहते थे एक रहें।
ये भी पढ़ें :-आतंकी बनाने के लिए मदरसों का इस्तेमाल कर रही आईएसआईएस: वसीम रिजवी 
उन्होंने अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि बेटे ने बाप को धोखा दिया और बहन ने भाई को। ऐसे लोग आप के क्या होंगे। ऐसे लोगों का कोई भरोसा नहीं है, कभी भी किसी को धोखा दे सकते हैं। मायावती ने अपने बीजेपी के भाइयों को धोखा दिया, जबकि अखिलेश ने अपने बाप और चाचा को धोखा दिया। उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि उनकी लड़ाई गठबंधन से नहीं बीजेपी से है।
ईवीएम मुद्दे पर  बोले शिवपाल
उन्होंने कहा कि ईवीएम पर जनता का विश्वास नहीं है तो वैलेट पेपर से चुनाव कराया जाए तो बेहतर है। उन्होंने वसीम रिजवी को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि वह सेक्यूलर नहीं हैं। वह बीजेपी से मिले हुए हैं। शिवपाल ने बीजेपी पर प्रहार करते हुए कहा कि देश भर में “भाजपा हटाओ” अभियान चलाया जायेगा। पहले देश से भाजपा को हटाने का काम किया जाएगा, इसके बाद उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार को हटाकर प्रसपा की सरकार बनायी जायेगी।
प्रसपा (लोहिया) के 6 लालबहादुर शास्त्री मार्ग स्थित कैंप कार्यालय में पार्टी अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के नेतृत्व में आयोजित बैठक के दौरान मुस्लिम बुद्धिजीवी, समाजसेवी व धार्मिक, राजनीतिक नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

Back to top button