लोक सभा चुनाव 2019:कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बाराबंकी में मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा

 लोकसभा चुनाव 2019 में दस अप्रैल को अमेठी से अपना नामांकन करने वाले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के दौरे पर रहेंगे। राहुल गांधी अमेठी में आज तीन चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इस बार केरल के वायनाड से भी चुनाव लड़ रहे हैं। 

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के दौरे पर है। इसी दौरान राहुल का काफिला सड़क मार्ग से बाराबंकी-हैदरगढ़ के रास्ते निकला। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बाराबंकी में मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने यहां पर चौकीदार चोर है के नारे लगवाए।

सुप्रीम कोर्ट में चौकीदार चोर है के बयान को लेकर खेद जताने वाले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज अमेठी जाते समय बाराबंकी में चौकीदार चोर है के नारे लगवाए। राहुल गांधी ने कहा कि मोदी जी ने सिर्फ 15 लोगों का 5 लाख 55 हजार करोड़ रुपये माफ किया। राफेल विमान खरीद में चोरी की। हवाई जहाज फ्रांस में बनवाया, लेकिन गरीबों के लिए उनके पास पैसा नहीं है। नोटबंदी कर किसान और मजदुरों को लाइन में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद हम दो बजट लाएंगे। जिसमें एक नेशन और दूसरा किसान के लिए होगा। कांग्रेस की सरकार बनी तो कर्जदार किसान कर्ज न चुका पाने पर जेल नहीं जाएंगे। हम आपकी जेब में पैसा डालने वाले हैं। हिंदुस्तान के 20 फीसद लोगों के खातों में सीधे 7200 हजार रुपये डालना चाहते हैं। हम पांच करोड़ महिलाओं के खाते में 6 हजार रूपये प्रतिमाह और सालाना 72 हजार देंगे। 22 लाख सरकारी नौकरी के पद खाली हैं। उन्हें एक साल में भरेंगे। इस दौरान राहुल गांधी ने चौकीदार चोर के नारे लगवाए।

अमेठी में तीन सभा 

कांग्रेस अध्यक्ष आज एक दिन के अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के दौरे पर आ रहे हैं। राहुल गांधी आज अमेठी में तीन जनसभाओं को संबोधित करेंगे। उनकी सभाएं तिलोई, सलोन व अमेठी विधान सभा में होगी। प्रशासनिक रूप से इसकी मंजूरी भी दे दी गई है।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी दस अप्रैल को अमेठी में अपना नामांकन दाखिल किया था। इसके बाद वह चुनाव प्रचार करने बाहर ही थे। अब नामांकन के बाद वह पहली बार चुनावी दौरे पर अमेठी पहुंच रहे हैं। राहुल गांधी आज करीब 11 बजे के करीब सड़क मार्ग से बाराबंकी-हैदरगढ़के रास्ते तिलोई पहुंचेगे। वहां पर आज उनकी पहली जनसभा है। यहां से वह मोहनगंज-जायस के रास्ते दोपहर एक बजे सलोन विधानसभा के परशदेपुर पहुंचेंगे। यहां जनसभा को संबोधित करने के बाद सड़क मार्ग से अमेठी विधान सभा के भादर स्थित घोरहा मिनी स्टेडियम में दोपहर 2:30 बजेे जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह सुलतानपुर संसदीय क्षेत्र के लिए रवाना हो जाएंगे।

सुलतानपुर में कार्यकर्ताओं के साथ करेंगे बैठक

अमेठी के साथ सुलतानपुर में जीत दर्ज करने को लेकर कांग्रेस बेहद गंभीर है। पार्टी कोई कोर-कसर नहीं छोडऩा चाहती। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने स्वयं अब अमेठी के साथ ही सुलतानपुर की चुनावी कमान को भी अपने हाथ में लेने का निर्णय किया है। इस बाबत आज वह दूबेपुर ब्लॉक क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। पहली बार उनकी सुलतानपुर में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक होगी। इस बैठक में कांग्रेस प्रत्याशी डॉक्टर संजय ङ्क्षसह मौजूद रहेंगे।

इस दौरान राहुल गांधी कार्यकर्ताओं को जरूरी चुनावी टिप्स व ऊर्जा देने के साथ ही चुनाव की मौजूदा स्थिति व समीकरण समझने का भी प्रयास करेंगे। माना जा रहा है कि जल्दी ही वह प्रियंका गांधी को भी जल्द सुलतानपुर भेजेंगे। राहुल व प्रियंका गांधी यहां कई सभाएं कर सकते हैं। राहुल व प्रियंका अब सुलतानपुर में होने वाली समस्त चुनावी गतिविधियों पर विशेष निगरानी भी रखेंगे। साथ ही अपनी सक्रियता को इस संसदीय क्षेत्र में और भी बढ़ाएंगे।

Back to top button