लोकसभा चुनाव 2019: हरियाणा में समीकरण बदल सकते हैं, नए सियासी रिश्‍ते नए बड़ा असर डाल सकते हैं

लोकसभा चुनाव 2019 में राजनीतिक दल सभी पैंतरे आजमाने में लगे हैं। इस क्रम में पुराने समीकरण टूट रहे हैं और नए समीकरण बन रहे हैं। इनका चुनावी नतीजों पर सीधा असर दिखेगा। पंजाब के प्रकाश सिंह बादल और हरियाणा के ओमप्रकाश चौटाला के परिवारों के बीच आई राजनीतिक खटास का फायदा भाजपा को मिलता दिख रहा है।

पंजाब, उत्तराखंड और दिल्ली के बाद अब हरियाणा में भाजपा तथा शिरोमणि अकाली दल (शिअद) मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। शिअद चुनाव में भाजपा को समर्थन दे रहा है। इससे सिख बहुल क्षेत्रों में भाजपा को सीधा लाभ होगा। सतलुज-यमुना लिंक नहर निर्माण के मुद्दे पर इनेलो से राजनीतिक रिश्ते खत्म होने के बाद यह पहला मौका है, जब अकाली दल ने हरियाणा में भाजपा का बिना शर्त समर्थन करने का निर्णय
लिया है।

चार लोकसभा और दो दर्जन से अधिक विधानसभा सीटों पर सिख मतदाता निर्णायक की भूमिका में होंगे।    भाजपा राज्य की सभी 10 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। शिरोमणि अकाली दल (बादल) लोकसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों के लिए खुलकर काम करेगा, जबकि अगला विधानसभा चुनाव दोनों दल मिलकर लड़ेंगे। विधानसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे पर अलग से बातचीत होगी।

भाजपा पंजाब में अकाली दल (बादल) की सहयोगी पार्टी है और वहां सत्ता में भागीदार भी रह चुकी है। पिछले विधानसभा चुनाव में भी दोनों दलों के बीच हरियाणा में गठबंधन की कोशिश हुई थी, मगर बात नहीं बन पाई थी। इस बार मुख्यमंत्री मनोहर लाल खुद पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल तथा पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के संपर्क में थे। रही सही कसर कैप्टन अभिमन्यु ने पूरी कर दी। कैप्टन पंजाब भाजपा के लोकसभा चुनाव प्रभारी हैं। सीएम और कैप्टन दोनों दलों के दिल मिलाने में कामयाब रहे। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी चाहते थे कि जब पंजाब,दिल्ली और उत्तराखंड में दोनों दलों केबीच अच्छी समझदारी है तो इसे हरियाणा में भी अमल में लाया जाना चाहिए।

बदल सकते हैं समीकरण

हरियाणा में भाजपा और अकाली दल का गठबंधन चार लोकसभा सीटों के समीकरण बदल सकता है। राज्य में करनाल, अंबाला, कुरुक्षेत्र और सिरसा लोकसभा सीटें ऐसी हैं, जहां सिख मतदाताओं का अच्छा खासा दखल है। राज्य की दो दर्जन से अधिक विधानसभा सीटों पर सिख मतदाता निर्णायक की भूमिका में हैं।

डेरा मुखी गुरमीत राम रहीम के जेल जाने के बाद भाजपा को जो राजनीतिक नुकसान हुआ था, भाजपा-अकाली दल के गठजोड़ के बाद उसकी भरपाई होने के पूरे आसार बन गए हैं। हरियाणा में सिख मतदाताओं की संख्या 13 लाख से अधिक है। राज्य में इतनी ही सीटें डेरा प्रेमियों के प्रभाव वाली हैं। पंजाब में 13 लोकसभा सीटें हैं। वहां अकाली 10 और भाजपा तीन लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है। विधानसभा चुनाव भी मिलकर लड़ा गया था। 

एसवाईएल का मुद्दा
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के परिवारों के बीच मित्रता किसी से छिपी नहीं है। लेकिन, एसवाईएल नहर निर्माण के मुद्दे पर इनेलो विधायक दल के नेता अभय सिंह चौटाला ने पंजाब में अकाली दल से अपने रिश्ते खत्म कर दिए थे।

Back to top button