लोकसभा चुनाव 2019 : सोनिया, राहुल, प्रियंका समेत 40 स्टार प्रचारक उतरेंगे मैदान में

उत्तराखंड । लोकसभा चुनाव 2019 के लिए उत्तराखंड में कांग्रेस ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी को सौंप दी है। सूची में यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी के अलावा 40 स्टार प्रचारक हैं।
उत्तराखंड कांग्रेस ने 40 स्टार प्रचारक की सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी को सौंप दी
कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के अनुसार, कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में अंबिका सोनी, गुलाम नबी आजाद, नवजोत सिंह सिद्धू, अहमद पटेल, आनंद शर्मा, अशोक गहलोत, कै.अमरिंदर सिंह, वीरभद्र सिंह, सुशील कुमार शिंदे, कमल नाथ, शैलजा, ज्योतिरादित्य सिंधिया, जितेंद्र सिंह, सचिन पायलट, राजबब्बर, रणजीत सिंह सुरजेवाला, मनीष तिवारी, सलमान खुर्शीद, अनुग्रह नारायण सिंह, राजेश धर्माणी मुख्य रूप से शामिल हैं।
ये भी पढ़ें :-सपा के स्टार प्रचारकों की दूसरी सूची मुलायम सिंह यादव को भी मिली जगह 
इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ.इंदिरा हृदयेश, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, करन माहरा, गोविंद सिंह कुंजवाल, काजी निजामुद्दीन, प्रकाश जोशी, केसी सिंह बाबा, दिनेश अग्रवाल, हीरा सिंह बिष्ट, तिलक राज बेहड़, नवप्रभात, टीपीएस रावत, रणजीत रावत, सुरेंद्र सिंह नेगी, शूरवीर सिंह सजवाण जैसे प्रदेश के नेताओं को भी इस सूची में शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही राष्ट्रीय नेताओं के चुनावी कार्यक्रम उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीटाें में निर्धारित किए जाएंगे।
राहुल, प्रियंका के हर सीट पर कार्यक्रम पर चर्चा
उत्तराखंड कांग्रेस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के हर लोकसभा सीट पर कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की है। प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह को हर लोकसभा सीट के अंतर्गत राहुल प्रियंका के कार्यक्रमों के लिए प्रस्तावित जगहों के नाम दे दिए गए हैं।
कांग्रेस के प्रदेश महासचिव विजय सारस्वत के अनुसार, टिहरी सीट में नई टिहरी या बड़कोट, पौड़ी सीट में श्रीनगर या कर्णप्रयाग, हरिद्वार सीट पर रुड़की, हरिद्वार या फिर ऋषिकेश, अल्मोड़ा सीट पर अल्मोड़ा या पिथौरागढ़ और नैनीताल सीट पर रुद्रपुर या हल्द्वानी में इन नेताओं के कार्यक्रम कराए जाने सबसे ज्यादा उपयोगी बताए गए हैं। सारस्वत के अनुसार प्रदेश प्रभारी जल्द ही इन जगहों पर कार्यक्रमों की अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी से अनुमति लेंगे।

Back to top button