लेह और कारगिल में खून जमा देने वाली ठंड तापमान माइनस 10 डिग्री

जम्मू-कश्मीर प्रदेश में मौसम में सुधार होने के बावजूद अधिकतर हिस्सों में तापमान में गिरावट जारी है। घाटी के कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 10 डिग्री से नीचे चल रहा है।

लेह और कारगिल में खून जमा देने वाली ठंड पड़ रही है। यहां रात का न्यूनतम तापमान माइनस 10 डिग्री तक चला गया है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार दिसंबर के पहले हफ्ते तक मौसम साफ रहेगा।

प्रदेश में कारगिल में बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 9.2 डिग्री सेल्सियस पारे के साथ इस सीजन की सबसे ठंडी रात बीती। इसी तरह लेह में न्यूनतम तापमान माइनस 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे कई जल स्थलों पर बर्फ की परत जम गई है।

पाइप में बर्फ जमने से पानी की सप्लाई प्रभावित हो रही है। कड़ाके की ठंड से जनजीवन पर असर है। यहां शीत लहर जारी है। इन जिलों में दिन का तापमान भी 2-4 डिग्री के बीच चल रहा है।

विश्व विख्यात पर्यटन स्थल गुलमर्ग में शनिवार को दिन का तापमान सामान्य से 6.3 डिग्री लुढ़क कर 1.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

Back to top button