लालू बोले, राजद के आंदोलन की आंधी में उड़ जाएगी मोदी सरकार

राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने कहा कि नोटबंदी के खिलाफ राजद के आंदोलन की आंधी में नरेन्द्र मोदी सरकार उड़ जाएगी। पटना में 28 दिसंबर को होने वाले धरने में वह खुद शामिल होंगे। उसके बाद राज्यभर में वह घूमेंगे भी। आंदोलन में आगे ममता बनर्जी, मुलायम सिंह यादव, अरविंद केजरीवाल के आलावा वामदलों के नेताओं को भी बुलाएंगे।

पटना स्थित अपने आवास दस सर्कुलर रोड में गुरुवार को प्रेस से बात करते हुए प्रसाद ने कहा कि नोटबंदी टांय-टांय फिस्स हो गई। राहुल गांधी कांग्रेस के शीर्ष नेता हैं। वह झूठ नहीं बोल रहे। उन्होंने भूकंप तो ला ही दिया। नरेंद्र मोदी के खिलाफ जो भी आरोप लगाया है प्रमाण के साथ। यहां तक कि तारीख और समय भी बता दिया है।

ऐसे में इसकी जांच जरूरी है। पीएम को खुद इसके बारे में बताना होगा। दूसरी कतार के नेताओं को लगाने से नहीं चलेगा।

नीतीश की भाजपा से करीबी की बात बेबुनियाद: लालू
पटना। राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने कहा कि महागठबंधन पूरी तरह से एकजुट है। नीतीश की भाजपा से निकटता की बातें बेबुनियाद है। पूरी पारदर्शिता के साथ वह महागठबंधन के साथ हैं।

उन्होंने कहा कि नोटबंदी पर भी नीतीश कुमार हमारे साथ हैं। समीक्षा करने का उनका अधिकार है। कैशलेस का विरोध तो वह कर ही रहे हैं। पार्टी नेता रघुवंश प्रसाद सिंह से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि समाजवादी नेता हैं। कुछ-कुछ बोलते रहते हैं, लेकिन मान्यता उसी बात की होगी जो हम बोलेंगे।

Back to top button