रामलीला मैदान में भाजयुमो की विजय संकल्प महारैली आज, शिवराज सिंह करेंगे संबोधित

अबकी बार फिर से मोदी सरकार के संकल्प के साथ भाजपा विजय महारैली का आयोजन करेगी। दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित रैली को पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान संबोधित करेंगे। रैली में युवा मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर, भाजपा युवा मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम महाजन उपस्थित रहेंगी।  रामलीला मैदान में भाजयुमो की विजय संकल्प महारैली आज, शिवराज सिंह करेंगे संबोधित

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि महारैली ऐतिहासिक होगी। भाजपा के युवा नेता कुंभकर्णी नींद में सोई केजरीवाल सरकार को जगाने का काम करेंगे। पूरे देश में भाजपा में लोगों का विश्वास बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ही नहीं, विश्व में भारत का स्थान शिखर पर पहुंचा है। महारैली में देश और दिल्ली के हितों के लिए महत्वपूर्ण राजनैतिक प्रस्ताव रखें जाएंगे। दिल्ली में केजरीवाल सरकार झूठ व दुष्प्रचार की राजनीति बंद कर दिल्ली में बढ़ रहे प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए उपाय करे।  

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के मतदाता सूची पर आया बयान आम आदमी पार्टी की झूठ की राजनीति पर तमाचा है। आम आदमी पार्टी दिल्ली की जनता को गुमराह करने के लिए भ्रम फैला रही है कि 30 लाख वोट काटे गए हैं जबकि चुनाव आयोग ने आंकड़े जारी कर कहा है कि पिछले लोकसभा चुनाव के बाद 7.78 प्रतिशत नए वोट जुड़े हैं।  

प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि युवा विजय संकल्प महारैली दिल्ली के युवाओं की ऐतिहासिक रैली होगी। 280 मंडल के पदाधिकारियों की टीम रैली को सफल बनाकर मोदी को देश का पुन: प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लेगी। युवा मोर्चा के कार्यकर्ता केंद्र सरकार की नीतियों व योजनाओं को बूथ स्तर तक ले जाने का संकल्प लेंगे।  

राजस्थान की रेतीली जमीन पर पैदा होते रहे हैं सूरमा: मनोज तिवारी 
दिलशाद गार्डन के सी ब्लाक स्थित सेंट्रल पार्क का नाम महाराजा सूरजमल पार्क रख दिया गया है। पार्क में सूरजमल की एक प्रतिमा भी लगाई गई। प्रतिमा का अनावरण प्रदेश भाजपाध्यक्ष मनोज तिवारी व सांसद प्रवेश वर्मा ने किया। इस मौके पर एक ओपन जिम का भी उद्घाटन किया गया।  

मनोज तिवारी ने कहा कि राजस्थान की रेतीली जमीन में अनाज की पैदावार भले ही कम होती रही हो, पर इस भूमि पर वीरों की पैदावार में सदा ही बढ़ोतरी हुई है। अपने पराक्रम और शौर्य के बल पर इन वीर योद्धाओं ने राजस्थान के साथ-साथ पूरे भारत वर्ष का नाम रौशन किया है। राजपूताने में अनेक राजपूत राजा-महाराजा पैदा हुए। इन राजपूत राजाओं के बीच पैदा हुए इतिहास के एकमात्र जाट महाराजा सूरजमल थे। सूरजमल को स्वतंत्र हिंदू राज्य बनाने के लिए भी जाना जाता है। इस अवसर पर सांसद प्रवेश वर्मा ने कहा कि महाराजा सूरजमल ने समूचे समाज के सामने एक आदर्श प्रस्तुत किया है। समाज के लोगों को परंपरा जिंदा रखने के लिए ऐसे महापुरुषों के आदर्शों पर चलना चाहिए। 

Back to top button