रामनवमी के मौके पर राजधानी रांची सहित आसपास के इलाकों में दोपहर बाद मिजाज बदलेगा मौसम…

झारखंड में गुरुवार को दोपहर बाद बारिश होगी। इस दौरान कहीं-कहीं वज्रपात भी हो सकता है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान व्यक्त किया है कि रामनवमी के मौके पर राजधानी रांची सहित आसपास के इलाकों में दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदलेगा। बादल छाएंगे और हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। 31 मार्च और 1 अप्रैल को भी राजधानी रांची सहित आसपास के जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और बारिश होगी। इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी आशंका है। मौसम विभाग ने इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। 

गुरुवार को दोपहर बाद बदलेगा मौसम
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि गुरुवार को दोपहर के बाद बदला मौसम का मिजाज, 1 अप्रैल तक अपना असर दिखाएगा। बताया जाता है कि बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर और लोकल सिस्टम की वजह से मेघगर्जन होगा। वज्रपात के साथ बारिश और ओलावृष्टि भी होगी। गुरुवार को दोपहर बाद बारिश होने से रामनवमी के रंग में थोड़ा भंग पड़ने की आशंका है। मौसम विभाग ने राज्यवासियों से अपील की है कि वे मौसम के बदले मिजाज में सतर्क रहें। बारिश और वज्रपात के दरम्यान घरों से ना निकलें। वहीं, बदलते मौसम में स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह भी दी गई है। राजधानी में 2 अप्रैल से आसमान साफ होगा। तीखी धूप खिलेगी। शुष्कता रहेगी। 

31 मार्च से 1 अप्रैल तक छाएंगे बादल
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 31 मार्च और 1 अप्रैल को आसमान में बादल छाएंगे। 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। ओलावृष्टि और वज्रपात से विशेष सतर्क रहने की अपील की गई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 30 मार्च से 1 अप्रैल के बीच प्रदेश में अधिकतम तापमान 34 से 30 डिग्री सेल्सियस वहीं न्यूनतम तापमान 20 से 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं आएगा। 

Back to top button