राजस्थान में मतदान जारी, सुबह 9 बजे तक 6.11 फीसदी वोटिंग, कई जगह EVM और VVPAT मशीन खराब

जालौरे के अहोर में मतदान बूथ संख्या पर 253 और 254 में मतदाताओं ने हंगामा किया। इस मतदान केंद्र में ईवीएम में खराबी की वजह से वोटिंग रूकी हुई है।कई जगह से ईवीएम खराब होने की खबरें मिल रही हैं। बीकानेर के बूथ नंबर 172 पर तकनीकी दिक्कत के बाद ईवीएम बदली गई। पूरे प्रदेश में मतदान शुरू होने के ढाई घंटे बाद भी जैसलमेर में तीन बूथ में मतदान नहीं शुरू हुआ है। वीवीपैट मशीन खराब होने की वजह से वोटिंग रूकी हुई है। चुनाव अधिकारी खराब मशीन बदलने की बात कर रहे हैं।पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने जोधपुर में बूथ संख्या 106 में वोट डाला। जोधपुर के सरदारपुरा निर्वाचन क्षेत्र में 90 वर्षीय व्यक्ति मतदान केंद्र संख्या 104 में अपना वोट डालने के लिए जाते हुए। राजस्थान विधानसभा चुनाव 2018 में सुबह 9 बजे तक 6.11 फीसदी मतदान हुआ।

केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने जोधपुर में मतदान केंद्र 128 में अपना वोट डाला. जालौरे के अहोर में ईवीएम खराबी की वजह से मतदान बूथ संख्या 253 और 254 में अभी तक मतदान शुरू नहीं हो सका है। राजस्थान के गृह मंत्री गुलाबचंद कटारिया ने उदयपुर के एक मतदान केंद्र में अपना वोट डाला।

सचिन पायलट ने जालूपुरा जयपुर स्थित गौर विप्र सेकंडरी स्कूल में अपना वोट डाला। सचिन पायलट ने कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के चेहरे के सवाल पर कहा कि चुनाव में बहुमत हासिल होने के बाद हम बैठेंगे और चर्चा करेंगे।

खबरों के मुताबिक बूंदी के नमाना क्षेत्र के चार बूथों पर ईवीएम में खराबी आई। वहीं करौली के कई बूथों पर देर से शुरू हुआ मतदान।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी मतदाताओं से वोट करने की अपील की।

प्रदेश का हर नागरिक लोकतंत्र का प्रमुख आधार है और संविधान ने आपको सरकार चुनने के लिए मतदान का अधिकार दिया है। इसलिए आपका नैतिक कर्तव्य है कि मत का उपयोग जरूर करें तथा दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।

राजस्थान विधानसभा चुनाव में मतदान की तैयारियां पूरी हो गई हैं। चुनावअधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर पहुंच कर मोर्चा संभाल लिया है। मतदान सुबह 8 बजे से शुरू होकर शाम पांच बजे तक चलेगा। शांतिपूर्ण मतदान के लिए चुनाव आयोग ने पूरी तैयारी की है और बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है।

मतदान के लिए कुल 51687 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। राजस्थान में कुल 4,7554217 मतदाता हैं। इनमें पुरुष मतदाता 2,4836699 और महिला मतदाता 2,2717518 हैं। पहली बार राज्य में करीब 20 लाख मतदाता पहली बार वोट डालेंगे। शाम पांच बजे तक मतदाता अपना फैसला ईवीएम में दर्ज कर देंगे। 11 दिसंबर को पता चलेगा कि जनता ने किसके पक्ष में फैसला दिया है। मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच है।

7,791 मतदान केंद्र संवेदनशील
विधानसभा चुनाव के लिए 7,791 मतदान केंद्रों को संवेदनशील चिन्हित किया गया है। इन केंद्रों पर केंद्रीय पुलिस बलों को तैनात किया गया है ताकि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से मतदान सुनिश्चित किया जा सके। पुलिस महानिदेशक ओ.पी. गल्होत्रा ने बताया कि इसके साथ ही पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश मध्य प्रदेश और गुजरात से लगती अंतरराज्यीय सीमाओं पर नाकेबंदी कर दी गई है।

राजस्थान पुलिस ने निष्पक्ष और शान्तिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। सभी मतदान केन्द्रों पर चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही 7,791 संवेदनशील बूथों पर केन्द्रीय पुलिस बलों का जाप्ता तैनात किया गया है।

उन्होंने बताया कि चुनाव बंदोबस्त में कुल लगभग 1.44 लाख से अधिक सिपाही, हेडकांस्टेबल और एएसआई और लगभग 1500 पुलिस अधिकारी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा पैरामिलिट्री की 640 कंपनियां और पड़ोसी राज्यों से 13,000 होमगार्ड वॉलंटियर को लगाया गया है।

2274 प्रत्याशी मैदान में
राजस्थान विधानसभा में कुल 200 सीटें हैं। मतदान 199 सीटों पर होगा। अलवर की रामगढ़ सीट से बसपा प्रत्याशी लक्ष्मण चौधरी के निधन के बाद चुनाव स्थगित कर दिया गया है। कुल 2274 प्रत्याशी मैदान में हैं जिनमें 182 महिला प्रत्याशी और 2092 पुरुष प्रत्याशी हैं।

कांग्रेस ने 195 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। लोकसभा में गठबंधन को ध्यान में रखते हुए दो-दो सीटें लोजद और रालोद के लिए और एक सीट एनसीपी के लिए छोड़ी है। भाजपा ने 199 उम्मीदवार, बसपा ने 190 उम्मीदवार, आप ने 141 उम्मीदवार, भारत वाहिनी पार्टी ने 63 उम्मीदवार, रालोप ने 57 उम्मीदवार उतारे हैं। मैदान में 839 निर्दलीय भी खड़े हैं।

Back to top button