राजस्थान के सीकर में प्यार में धोखा खाए एक युवक ने उस्तरे से गला काटकर कर ली आत्महत्या

राजस्थान के सीकर में प्यार में धोखा खाए एक युवक ने उस्तरे से गला काटकर आत्महत्या कर ली। युवक ने आत्महत्या से पहले प्यार में धोखे की दास्तां का लाइव फेसबुक वीडियो बनाया। युवक ने रुपयों के लिए प्यार करने वाली लड़कियों से दूर रहने की नसीहत देते हुए बताया कि वह लड़की पर सात लाख रुपए खर्च कर चुका था।

लड़की पर खर्च किए सात लाख रुपए

घटना सीकर शहर के सदर थाना इलाके के सांवलोदा लाडखानी गांव में गुरुवार शाम को हुई। सांवलोदा लाडखानी निवासी जवाहर बैंगलोर में रहता था। वह गुरुवार को ही अपने गांव आया था। गांव आने पर पहले प्यार में धोखा खाने की पूरी दास्तां का फेसबुक लाइव वीडियो पोस्ट किया। जवाहर ने खुद के साथ हुए धोखे का जिक्र करते हुए कहा कि लड़की ने उसे बड़ा धोखा दिया है। लड़की ने उसके साथ प्यार का नाटक करके करीब सात लाख रुपए ले लिए। यहां तक की उसका एटीएम कार्ड भी उसके पास है। उसने दूसरे लोगों को नसीहत देते हुए कहा कि टाइम पास और पैसों के लिए प्यार का नाटक करने वाली लड़कियों से दूर रहें।

जवाहर ने वीडियो में बताया कि वह लड़की के साथ 14 महीने से संपर्क में था। उस पर खूब खर्चा किया। कपड़े और मोबाइल समेत घर के खर्चे भी उठाए, यहां तक उसके पिता के एकाउंट में भी पैसे भेजे। जवाहर ने अपने फेसबुक लाइव वीडियो के बाद अपनी मां को फोन लगाया। बाद में गला काट कर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Back to top button