राजस्थान के बीकानेर में सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई जबकि चार अन्य हुए घायल…

Road Accident in Bikaner. राजस्थान के बीकानेर में शुक्रवार को सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। इनमे से एक ही हालत गंभीर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जाता है कि घने कोहरे की वजह से हादसा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के बीकानेर जिले में शुक्रवार को कोहरे के कारण ट्रक और जीप की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग 62 के बीकानेर-सूरतगढ़ खंड पर उस समय हुई, जब जिले के लूणकरणसर शहर के धीरा गांव के पास जीप में ट्रक ने टक्कर मार दी।

पुलिस ने कहा कि सभी पांच मृतक – कैलाश, मोहित, देवीलाल, ईश्वर और एक अन्य देवीलाल जीप में सवार थे।

पुलिस ने बताया कि ये लोग सड़क पर काम करने वाले मजदूर थे और उत्तर प्रदेश के थे। घायलों को इलाज के लिए बीकानेर के पीबीएम अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने कहा कि दुर्घटना के बाद राजमार्ग के हिस्से को कुछ समय के लिए अवरुद्ध कर दिया गया। बाद में कुछ घंटे बाद उसे बहाल कर दिया गया।

राजस्थान में 54 दिन में 12 बड़ी सड़क दुर्घटनाएं, 70 की मौत

राजस्थान में इन दिनों सड़कें काल का दूसरा नाम बनी हुई हैं। प्रदेश में एक अक्टूबर से अब तक के 54 दिन में 12 बड़ी सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इनमें करीब 70 लोगों की मौत हो गई है। लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं को देखते हुए सरकार ने मंत्रियों की एक कैबिनेट कमेटी बनाई है जो सड़क संबंधी समस्याओं को दूर करने के लिए सुझाव देगी।

राज्य में पिछले कई दिनों से लगातार बड़ी सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। दो दुर्घटनाएं तो ऐसी रही जिनमें 10 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। सभी दुर्घटनाएं सुबह या देर रात हुई। तेज रफ्तार, बेसहारा पशुओं का सामने आना जैसे कारण इनके पीछे रहे हैं। अधिकांश दुर्घटनाएं उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के सीकर, झुंझुनूं, बीकानेर, जोधपुर जिलों में हुई हैं जबकि इन जिलों में सड़कों की स्थिति काफी हद तक ठीक है और यही कारण है कि वाहन तेज रफ्तार से चलते हैं। इस इलाके में कुछ समस्या कोहरे की भी है। वैसे भी राजस्थान में सड़क दुर्घटनाएं काफी होती हैं और औसतन हर वर्ष करीब दस हजार लोग इन दुर्घटनाओं में मारे जाते हैं।

सरकार ने बनाई कैबिनेट कमेटी

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य में सड़क संबंधी समस्याओं के बारे में सुझाव देने के लिए पांच सदस्यीय मंत्री समूह गठित किया है। समूह में सार्वजनिक निर्माण मंत्री, नगरीय विकास मंत्री, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री तथा शिक्षा राज्यमंत्री को सदस्य बनाया गया है। परिवहन मंत्री इस कमेटी के संयोजक होंगे। मुख्यमंत्री ने इस बारे में इस बार के बजट में भी घोषणा की थी, लेकिन अब लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बाद इसका गठन कर दिया गया है।

Back to top button