यूपी: कोरोना से जंग में 20 पुलिस कर्मी हुए संक्रमित

न्यूज़ डेस्क

देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 29 हजार के करीब पहुँच गया है। आज लॉक डाउन 2.0 का 14वाँ दिन है लेकिन मरीजों की संख्या में लगातार तेजी से इजाफा हो रहा है। लोग अभी अपने घरों से बाहर निकल रहे हैं और वायरस का शिकार हो जा रहे हैं। लॉकडाउन के दौरान  पुलिस के जवान के साथ अधिकारी भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। इसके बाद पुलिस मुख्यालय ने सभी पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए है।

20 से ज्यादा पुलिसकर्मी संक्रमित

कानून-व्वयस्था दुरुस्त रखने के साथ लोगों की मदद करने तथा रक्तदान में भी सक्रिय पुलिसकर्मी लगातार कोरोना वायरस के संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। अब तक करीब 20 से ज्यादा पुलिसकर्मी संक्रमित हो चुके हैं।  इनमें मुरादाबाद, कानपूर, बिजनौर, वाराणसी और आगरा के पुलिसकर्मी भी शामिल है। संक्रमित पुलिसकर्मियों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

पुलिसकर्मियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद से प्रदेश में खलबली मच गयी है। इसके बाद अधिकांश पुलिसकर्मियों को जिला अस्पतालों में क्वॉरंटाइन कराया गया है हैं। इसपर सीएम ने टीम 11 की हुई बैठक में पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। साथ ही पुलिसकर्मियों को एन 95 मास्क उपलब्ध कराने की बात कही है।

क्वारंटाइन किये गये  100 पुलिसकर्मी

लॉकडाउन के दौरान अलग-अलग समय में अब तक करीब 100 पुलिसकर्मियों को क्वारंटाइन भी किया गया है।इस मामले में  एडीजी कानून-व्यवस्था पीवी रामाशास्त्री का कहना है कि अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि पुलिसकर्मी एहतियात बरतने में कहां लापरवाही कर रहे हैं। ऐसे पुलिसकर्मियों को अपनी सुरक्षा के प्रति सचेत व जागरूक करने के लिए भी कहा गया है।

इसके अलावा डीजीपी मुख्यालय ने खासकर कोरोना प्रभावित जिलों में हॉटस्पॉट व अन्य प्रमुख स्थानों पर मुस्तैद पुलिसकर्मियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा है।

चिन्हित किए गए  406 हॉटस्पॉट 

इसके अलावा प्रदेश में बनाये गये हॉटस्पॉट के बारे में भी पुलिस मुख्यालय की तरफ से जानकारी दी गई। मिली जानकारी के अनुसार
प्रदेश के 57 जनपदों के 248 थानाक्षेत्रों में कुल 406 हॉटस्पॉट को अब तक चिन्हित किया गया है। इसके तहत कुल 5,86,932 मकान आते हैं, जिसमें करीब 34,42,944 लोग निवास करते हैं।

इन हॉटस्पॉट वाले चिन्हित इलाकों के लिए पुलिस मुख्यालय ने जिला प्रशासन व चिकित्सा विभाग के समन्वय से कड़ाई से लॉकडाउन का पालन कराने के लिए निर्देश भी जारी किये हैं।

Back to top button