मुंबई बनाम दिल्ली के बीच खेले गए पिछले चार मुकाबले, जानिए कौन किसपर भारी!

 टी20 लीग के सीजन-12 की धमाकेदार शुरुआत हो चुकी है। रविवार को तीसरा मुकाबला तीन बार की चैंपियन मुंबई और दिल्ली के बीच खेला जाएगा। दोनों ही टीमें जीत के इरादे से अपने सफर का आगाज करने उतरेंगी। दोनों ही टीमों में कई सितारा खिलाड़ी मौजूद हैं। ऐसे में मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद है।

मुंबई और दिल्ली दोनों ही जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करना चाहेंगे। मुंबई ने 2013 के बाद से हर दूसरे साल खिताब जीता है। वहीं दूसरी तरफ दिल्ली पिछले कई सालों में खिताब के पास भी नहीं पहुंच पाई है। रोहित शर्मा इस बार ओपनिंग करेंगे और दिल्ली के गेंदबाज़ों के लिए उन्हें रोकना आसान नहीं होगा। अगर आकड़ों को देखें तो इसमें कोई शक़ नहीं कि मुंबई दिल्ली पर भारी पड़ेगी।

पिछले साल हए इस टी20 टूर्नामेंट में दिल्ली और मुंबई का आमना सामना दो बार हुआ। मुंबई चाहे दिल्ली पर जिनती भी हावी दिखती हो, लेकिन पिछले कुछ मुकाबलों पर नज़र डालें तो स्टेट्स कुछ और कहते हैं। आईए एक नज़र डालते हैं दिल्ली और मुंबई के पिछली 4 भिड़ंत पर…

20 मई 2018, मैदान: फीरोज़ शाह कोटला

दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फैसला किया। बल्लेबाज़ी करने उतरी दिल्ली की तरफ से रिषभ पंत ने 64 रनों की पारी खेली। दिल्ली ने 4 विकेट के नुकसान पर मुंबई के सामने 174 रन का लक्ष्य रखा। दिल्ली की गेंदबाज़ी के आगे मुंबई सिर्फ 163 रन पर ही ढेर हो गई। मुंबई की तरफ से लुईस ने 48 रन बनाए। अमित मिश्रा ने 19 रन देकर 3 विकेट चटकाए। दिल्ली ने यह मैच 11 रनों से जीता।

14 अप्रैल 2018, मैदान: वानखेड़े स्टेडियम
यहां भी टॉस दिल्ली ने जीता और पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया। मुंबई ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 7 विकेट गंवाकर 194 रनों का बड़ा लक्ष्य खड़ा किया। मुंबई की तरफ सुर्यकुमार ने 53 रन बनाए जबकि दिल्ली के गेंदबाज डेनियल क्रिश्चियन ने 35 रन देकर तीन विकेट झटके। 194 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम ने जेसन रॉय के 91 रन की मदद से 195 रन बनाए और 7 विकेट से मैच अपने नाम किया।

16 मई 2017, मैदान: फिरोज़ शाह कोटला
दिल्ली की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया। मुंबई ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए तीन विकेट खोकर 212 रन बनाए। जवाब में दिल्ली की टीम 66 रन पर ही ढेर हो गई। दिल्ली की तरफ से सबसे ज़्यादा रन करुण नायर (21) ने बनाए। मुंबई ने यह मैच 146 रनों से जीत लिया।

22 अप्रैल 2017, मैदान: वानखेड़े स्टेडियम
दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने 8 विकेट के नुकसान पर 142 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली 7 विकेट पर 128 ही जोड़ सकी। मुंबई यह मैच 14 रनों से जीत गई।

Back to top button