महाराष्‍ट्र : शपथ लेते समय ही कांग्रेस के इस मंत्री पर भड़के राज्‍यपाल, बोले- जो…  

मुंबई। महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने सोमवार को शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मंच पर दो मंत्रियों को पद की शपथ ग्रहण करने के लिखित विवरण से कुछ अलग पढ़ने और कुछ पंक्तियां बिना सोचे-समझे बोलने के लिए फटकार लगाई।

दरअसल कांग्रेस के विधायक के.सी.पडवी जब राज्य सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान कैबिनेट मंत्री की शपथ ले रहे थे तो लिखित शपथ विवरण पढ़ने के बाद कुछ पंक्तियां मतदाताओं के आभार में बोल गए।

कोश्यारी ने कड़े लहजे में तुरंत पडवी को रोका और उनसे कहा कि जो लिखा हुआ है उसे ही पढ़ें। उत्तर महाराष्ट्र के अक्कलकुवा का प्रतिनिधित्व करने वाले सात बार के विधायक को राज्यपाल ने निर्देश दिया कि ऐसा नहीं चलेगा। फिर से शपथ लीजिए। मंच से जाने के दौरान पडवी ने राज्यपाल से माफी मांगी, जिन्होंने बदले में मुस्कुरा दिया।

कोश्यारी ने इससे पहले तब हस्तक्षेप किया जब कांग्रेस विधायक वर्षा गायकवाड़ ने पद और गोपनीयता की शपथ लेने के दौरान दलितों के मसीहा डॉ. बी आर आंबेडकर के नाम का जिक्र किया। राज्यपाल ने गायकवाड़ को बीच में ही रोक दिया और शपथ लेते समय लिखित सामग्री तक ही सीमित रहने के लिए कहा। गायकवाड़ धारावी से चार बार की विधायक हैं।

बता दें कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सोमवार को 26 कैबिनेट मंत्री और 10 राज्य मंत्री शामिल करते हुए अपने मंत्रिपरिषद का विस्तार किया। राकांपा नेता अजित पवार ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। ठाकरे नीत महाराष्ट्र विकास अघाड़ी के सत्ता में आने के एक महीने से ज्यादा समय बाद मंत्रिपरिषद का यह विस्तार हुआ है।

सोमवार को 36 मंत्रियों ने शपथ थी। इनमें से राकांपा के 10 कैबिनेट और चार राज्य मंत्री, शिवसना के आठ कैबिनेट और चार राज्य मंत्री और कांग्रेस के आठ कैबिनेट और दो राज्य मंत्री शामिल हैं। इसके साथ ही राकांपा के कुल 12 कैबिनेट मंत्री और चार राज्य मंत्री हैं। शिवसेना के 10 कैबिनेट मंत्री और चार राज्य मंत्री हैं जबकि कांग्रेस के 10 कैबिनेट और दो राज्य मंत्री हैं। मुख्यमंत्री समेत सूबे में अब 43 मंत्री हैं।

Back to top button