महागठबंधन में सीट शेयरिंग पर मांझी ने किया बड़ा खुलासा, 20 के बाद होगा फैसला

पटना। हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा है कि महागठबंधन में 20 दिसंबर के बाद लोकसभा चुनाव के लिए सीट का बंटवारा हो जाएगा। 20 को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने सहयोगी दलों की बैठक बुलाई है। बैठक 19 और 20 दिसंबर को होगी। 

मांझी ने कहा सीट बंटवारे में उपेंद्र कुशवाहा की दुविधा का पेंच होने की वजह से विलंब हुआ। कुशवाहा ने अभी तक सारे विकल्प खुले रखे हैं। जिसे लेकर दुविधा बनी हुई है।

हम चाहते हैं कि उपेन्द्र कुशवाहा महागठबंधन में आएं। उन्होंने कहा दिल्ली की बैठक के बाद वे राजद प्रमुख लालू प्रसाद से भी मिलेंगे और सीटों पर चर्चा करेंगे। सीट में हिस्सेदारी को लेकर मांझी ने कहा कि वह महागठबंधन में हैं और गठबंधन धर्म निभाना जानते हैं।

हमारा लक्ष्य 2019 में एनडीए को हराना है और इसके लिए हम कुछ भी कर सकते हैं। उन्होंने कहा मैंने हमेशा कहा है कि हमारी तैयारी 20 सीट पर है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हमें बीस सीटें चाहिए। जिन सीटों पर तैयारी है उनमें से जिसमें कहा जाएगा हम चुनाव लड़ लेंगे। 

प्रेस वार्ता में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वृषिण पटेल, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव डॉ. संतोष कुमार सुमन, महाचंद्र प्रसाद सिंह, प्रवक्ता दानिश रिजवान, सहित अन्य नेता मौजूद रहे। 

हम संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष बने संतोष मांझी

हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के संसदीय बोर्ड की आज हुई बैठक में पार्टी के प्रधान महासचिव संतोष मांझी ने 11 सदस्यीय बोर्ड का गठन कर दिया। संतोष मांझी बोर्ड के अध्यक्ष होंगे।

इनके अलावा बोर्ड में पूर्व मंत्री वृषिण पटेल, महाचंद्र प्रसाद सिंह, रामेश्वर प्रसाद यादव, वीरेंद्र कुमार सिंह, दानिश रिजवान, अनामिका पासवान, राजेश पांडेय, शंकर मांझी, रघुवीर मोची और प्रफुल्ल कुमार मांझी सदस्य बनाए गए हैं। 

Back to top button