‘भारत के मन की बात-मोदी के साथ’, बीजेपी ने वीडियो जारी कर मांगे सुझाव

भाजपा मुख्यालय से पार्टी ने एक वीडियो जारी किया है। जिसका शीर्षक है ‘भारत के मन की बात मोदी के साथ।’ इसका उद्देश्य लोकसभा चुनाव के मद्देनजर लोगों की बातें जानकर संकल्प पत्र तैयार करना है। इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह भी पहुंच गए हैं। भाजपा ने करीब 10 करोड़ लोगों से सुझाव मांगे हैं।'भारत के मन की बात-मोदी के साथ', बीजेपी ने वीडियो जारी कर मांगे सुझाव

महीने भर तक चलने वाले इस कार्यक्रम की शुरुआत रविवार से हो गई है। आगामी लोकसभा चुनाव के लिए यह पार्टी के संकल्प पत्र (घोषणापत्र) का आधार बनेगा। भाजपा के मीडिया प्रमुख एवं राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी ने शनिवार को एक बयान में कहा था कि पार्टी अध्यक्ष अमित शाह और वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह रविवार को इस कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। सिंह चुनावों के लिए पार्टी की घोषणापत्र कमेटी के प्रमुख हैं।

कार्यक्रम में बोलते हुए अमित शाह ने कहा, ‘2014 के पहले देश के अंदर जो स्थिति थी, वो देश के लोकतंत्र में लोगों की आस्था को डिगाने वाली थी। ‘भारत के मन की बात- मोदी के साथ’, कार्यक्रम भारत की चुनाव प्रक्रिया में अपने आप में एक अनूठा कार्यक्रम होगा। 2014 के पहले 30 साल तक देश की समस्याओं के समाधान के लिए दूरदर्शी सोच के साथ ठोस कदम नहीं उठाए गए। देश चुनाव की और बढ़ रहा है। अगले 5 साल, देश का भविष्य तय करेंगे।’

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘2019 में भाजपा और हमारे सहयोगी दल देश की जनता के सामने फिर से सहयोग मांगने जा रहे है।  हर राज्य में 20 लोगों की टीम हमें सुझाव भेजेगी। मोदी जी के नेतृत्व में जनता को क्या अपेक्षा है यह पूछा जाएगा। भाजपा के कार्यकर्ता घर-घर जाएंगे। लोग बताएंगे कि न्यू इंडिया कैसे बने। संकल्प पत्र के लोकतांत्रिकरण का ये अनुठा प्रयोग है। 10 करोड़ परिवार कैसा देश चाहते हैं ये बात उनसे जानी जाएगी।’

बलूनी ने कहा था, ‘हम इस कार्यक्रम की शुरुआत इस मान्यता के साथ कर रहे हैं कि यह देश के भविष्य के लिए एक खाका तैयार करने के वास्ते मिल कर काम करने वाला सबसे बड़ा अभियान होगा।’ उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों का विचार जानने के लिए विभिन्न माध्यमों के जरिए देश भर में लोगों से संपर्क साधेगी।

Back to top button