भाजपा सरकार ने 10वीं कक्षा में 95 फीसद अंक लाने वाले छात्र-छात्राओं को मुफ्त Laptop देने का लिया निर्णय

प्रदेश में अक्टूबर में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा सरकार ने 10वीं कक्षा में कम से कम 95 फीसद अंक लाने वाले 500 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को मुफ्त Laptop देने का निर्णय लिया है। राज्य सरकार ने यह घोषणा तीन साल पहले 26 अप्रैल को थी। तीन साल तक मेधावी विद्यार्थियों को यह Laptop प्रदान नहीं किए गए। अब सरकार 2016, 2017 और 2018 में हुई दसवीं कक्षा के मेरिट लिस्ट में आने वाले सभी विद्यार्थियों को एक साथ Laptop प्रदान करेगी।

राज्य सरकार ने सभी मेधावी विद्यार्थियों को जिलास्तर पर आयोजित समारोह में यह Laptop बांटने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारियों को दिए हैं। इसके लिए पूरे राज्य में 3 जुलाई को समारोह होंगे। अंबाला, कुरुक्षेत्र, पंचकूला और यमुनानगर जिलों का संयुक्त समारोह पंचकूला में होगा, जिसमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल खुद मेधावी बच्चों को Laptop प्रदान करेंगे। बाकी जिलों में शिक्षा अधिकारियों को जिला उपायुक्तों से संपर्क कर समारोह की कार्ययोजना बनाने को कहा गया है। इन समारोहों में संबंधित जिलों से जुड़े मंत्री, सांसद और विधायकों को बुलाया जाएगा।

सेकेंडरी शिक्षा महानिदेशक ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को भेजे परिपत्र में कहा है कि Laptop हासिल करने वाले मेधावी बच्चों को व्यक्तिगत रूप से फोन पर तथा स्कूलों के माध्यम से सूचित किया जाए। वर्ष 2016 के मेधावी बच्चों की सूची में उनके नाम के आगे मोबाइल नंबर दर्ज नहीं हैं, जबकि 2017 और 2018 के मेधावी बच्चों की सूची में फोन नंबर दर्ज हैं। महानिदेशक ने जिला शिक्षा अधिकारियों से कहा कि वे हर बच्चे तक समारोह की सूचना पहुंचना सुनिश्चित करें।

इस तरह से बांटे जाएंगे Laptop

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा संचालित दसवीं क्लास की परीक्षा की प्रतिभा सूची में आए शीर्ष 100 छात्र-छात्राओं की जाति, लिंग या आर्थिक स्थिति देखे बगैर 100 लैैपटॉप बांटे जाएंगे, जबकि 100 लैैपटॉप सामान्य श्रेणी की शीर्ष छात्राओं को दिए जाएंगे। शीर्ष 100 दलित छात्रों और 100 दलित छात्राओं को भी Laptop दिए जाएंगे। इसके अलावा, शेष 100 Laptop गरीबी रेखा से नीचे के परिवार से आने वाले ऐसे छात्रों को दिए जाएंगे जो बोर्ड परीक्षा की प्रतिभा सूची में शामिल होंगे।

वहीं तीन साल के मेधावी बच्चों की सूची में करीब 1500 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। इस योजना के तहत प्रति छात्र 150 रुपये की वार्षिक छात्रवृति दी जाती थी। योजना के तहत Laptop दिए जाने के फैसले को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मंजूरी दी थी। राज्य सरकार इस मद में हर साल 2.50 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च वहन करेगी।

Back to top button