भाजपा नेता मंगल पांडेय ने ट्वीट कर शत्रुघ्न सिन्हा पर तंज कसा कहा-अब पत्नी के लिए कांग्रेस को भी धोखा देंगे

भाजपा नेता और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने भाजपा को छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम चुके अभिनेता सह राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर शत्रुघ्न पर तंज कसते हुए लिखा कि शत्रुघ्न जी, धोखा देना आपकी फितरत में है, 15 दिनों के अंदर ही कांग्रेस को आपने उत्तर प्रदेश में धोखा दे दिया, पत्नी मोह में कांग्रेस के साथ छल कर सपा के प्रचार में उतर गए।

उन्होंने आगे लिखा कि भाजपा को तो आप धोखा देते ही रहे, कांग्रेस को भी आपने नहीं बख्शा, आपका स्वार्थी चरित्र 15 दिनों में ही दिख गया, पत्नी के लिए कांग्रेस के विरोध में उतर गए आप।

बीजेपी से बगावत कर कांग्रेस का दामन थामने वाले पटना साहिब से उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा को पार्टी में आए महज चंद दिन ही हुए हैं, लेकिन कांग्रेस नेताओं की नाराजगी उनके खिलाफ सामने आने लगी है। शत्रुघ्न की पत्नी पूनम सिन्हा के खिलाफ लखनऊ लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर उतरे आचार्य प्रमोद कृष्णम ने भी अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि शत्रु पार्टी धर्म निभाएं।

लखनऊ लोकसभा सीट पर गुरुवार को शत्रुघ्न सिन्हा अपनी पत्नी पूनम सिन्हा के नामांकन और रोड शो में शामिल हुए, जो सपा उम्मीदवार हैं। इस पर कांग्रेस उम्मीदवार प्रमोद कृष्णम भड़क गए और कहा कि शत्रुघ्न सिन्हा अपनी पत्नी के प्रचार के लिए आए हैं, मेरा उनसे कहना है कि वो पार्टी धर्म निभाएं और मेरे लिए भी एक दिन चुनाव प्राचर करें।

शत्रुघ्न की पत्नी सपा में हुई शामिल

आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले ही शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा समाजवादी पार्टी में शामिल हुई हैं। पार्टी ने उन्हें लखनऊ सीट से उम्मीदवार बनाया है। लखनऊ में उनका मुकाबला भाजपा प्रत्याशी गृह मंत्री राजनाथ सिंह और कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद कृष्णम से है। इसी क्रम में दोनों पति-पत्नी लखनऊ में सपा के लिए चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। जिस पर तंज कसते हुए मंगल पांडे ने यह बात कही है।

Back to top button