भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कर्नाटक के राजनीतिक उफान, कांग्रेस की संस्‍कृति से मुक्ति चाहता है देश

Karnataka Crisis  भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कर्नाटक के राजनीतिक उफान पर भाजपा की भूमिका को नकारा है। विपक्ष के ऐसे आरोपों को उन्‍होंने तथ्यहीन बताया। कहा, यह कांग्रेस का आंतरिक मामला है। उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इस्तीफा दिया। इसके बाद सब लोग अपने-अपने ढंग से इस्तीफा दे रहे हैं। यह उनका विषय है, वो जानें।

रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया से मुखातिब भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस मुक्त भारत के भाजपा के नारे के भावार्थ को स्पष्ट किया है। कहा कि कांग्रेस मुक्त भारत का मतलब कांग्रेस की कमीशन और करप्शन की संस्कृति से मुक्ति है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक अलग तरह की संस्कृति पनपी है, जिसने वोट बैंक व जातिवाद को नकारा है। विकासवाद की राजनीति को स्वीकार किया है। यह संस्कृति हमारी है और इसी विचार को लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं। इस विचार के साथ जो जुडऩा चाहें उनका स्वागत है।

नड्डा ने अपने दो दिनों के झारखंड प्रवास के दौरान सांगठनिक स्तर पर की गई बैठकों की जानकारी साझा की। कहा, बैठकों में बूथ रचना से लेकर चुनाव की रणनीति और सदस्यता अभियान पर चर्चा की गई। 28 को दोबारा कोर कमेटी की बैठक होगी, जिसकी रिपोर्ट मैं खुद लूंगा। प्रदेश पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों के साथ हुई बैठक पर अपने अनुभव को साझा करते हुए बताया कि कार्यकर्ताओं में जोश है। पार्टी सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी हो, इसके लिए हर वर्ग को जोड़ें।

उन्‍होंने कहा कि सांसदों व विधायकों को भी सदस्यता अभियान से जुडऩे की नसीहत दी गई है। विधायकों को बूथ स्तर की रचना पर ध्यान देने की हिदायत दी गई है। कहा, झारखंड में संगठन व सरकार के स्तर से तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। आने वाले विधानसभा चुनाव में राज्य की जनता 65 प्लस सीटों का आशीर्वाद हमें देगी। यह पूछने पर कि गठबंधन में किसे कितनी सीटें मिलेंगी पर कहा कि यह आने वाले वक्त में देखा जाएगा।
दौरे के क्रम में जेपी नड्डा गुडू पाचा गांव पहुंचे। यहां उन्‍होंने ‘संगठन पर्व’ सदस्यता अभियान कार्यक्रम में आए कार्यकर्ताओं एवं जनता को संबोधित किया। उन्‍हाेंने कहा कि हमें समाज के सभी वर्गों के प्रत्येक व्यक्ति तक भाजपा की विचारधारा को पहुंचाना है तथा उनको इस ‘सर्वव्यापी, सर्वस्पर्शी एवं सर्वसमावेशी’ संगठन से जोड़ना है। यहां नड्डा ने भाजपा कार्यकर्ताओं एवं जनता के साथ वृक्षारोपण किया। साथ ही सभी कार्यकर्ताओं को 5 – 5 वृक्ष लगाने का आह्वान किया।

पौधरोपण करते नड्डा। 

उन्‍होंने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। इसके 11 करोड़ से ज्यादा सदस्‍य हैं। देश में 1300 राजनीतिक दल हैं लेकिन भाजपा का कोई सानी नहीं है। यहां कोई भी व्यक्ति विधायक-सांसद इसलिए नहीं बनता कि वह किसी विशेष का बेटा है, वह इसलिए बनता है क्योंकि वह मां भारती की सेवा कर रहा है।

Back to top button