भाजपा किसान मोर्चा का राष्ट्रीय सम्मेलन गोरखपुर में, महाराष्ट्र से शामिल होंगे एक हजार किसान

आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए किसानों को करीब लाने में जुटी भाजपा ने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में राष्ट्रीय अधिवेशन का आयोजन किया है। भाजपा किसान मोर्चे का राष्ट्रीय अधिवेशन 23 और 24 फरवरी को होगा। इसमें देशभर से लगभग एक लाख किसान जुटेंगे। वहीं, महाराष्ट्र से एक हजार पार्टी के पदाधिकारी और किसान अधिवेशन में शामिल होंगे। बृहस्पतिवार को भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शंकर गौड़ा पाटिल ने यह जानकारी दी।भाजपा किसान मोर्चा का राष्ट्रीय सम्मेलन गोरखपुर में, महाराष्ट्र से शामिल होंगे एक हजार किसान

महाराष्ट्र प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में पाटिल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय अधिवेशन में 24 फरवरी को किसानों को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, भाजपा के सभी मुख्यमंत्री समेत वरिष्ठ मंत्री मौजूद रहेंगे। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा की तरफ से राष्ट्रीय अधिवेशन उत्तर प्रदेश में करने के सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। 

गोरखपुर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गृह जिला है, इसलिए पार्टी यहां पर लाखों किसानों को जुटाकर पूर्वांचल समेत देश भर में बड़ा संदेश देना चाहती है। हालांकि किसान मोर्चा के नेता पाटिल ने कहा कि महाराष्ट्र, कर्नाटक सहित अन्य राज्यों में राष्ट्रीय अधिवेशन हो चुका है। उत्तर भारत में अभी तक कोई बड़ा अधिवेशन नहीं होने के कारण इस बार उत्तर प्रदेश को चुना गया है। 

पाटिल ने कहा कि किसान मोर्चा ने प्रधानमंत्री से मनरेगा योजना में किसान परिवारों को शामिल करने, खाद की सब्सिडी किसानों के बैंक खाते में सीधे जमा कराने, किसानों को दस हजार रुपये पेंशन देने, पारंपरिक खेती को बढ़ावा देने समेत कई मांगें की गई हैं। शिवसेना की तरफ से किसानों की समस्याओं को लेकर भाजपा की सरकार की आलोचना करने के सवाल पर पाटिल ने कहा कि शिवसेना हमारी सहयोगी पार्टी है। सहयोगी होने के कारण उसका भाजपा से ज्यादा प्रेम है। शिवसेना को आलोचना करने के बजाय किसानों के लिए बेहतर सुझाव देना चाहिए। सरकार उस पर अमल की कोशिश करेगी। 

Back to top button